बगहा: रामनगर में भक्तिमय माहौल, कथा स्थल पर उमड़ रहा जनसैलाब

रामनगर में श्रीमद्भागवत कथा सुनने उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
रामनगर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है. कृष्ण लीला, रास पंचाध्यायी और सुदामा चरित्र की कथा सुन लोग भावविभोर हो गए. पढ़ें पूरी खबर…
बगहा से इजरायल अंसारी की रिपोर्ट
Bagaha News: रामनगर नगर स्थित मारवाड़ी विवाह भवन प्रांगण में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ इन दिनों श्रद्धा और भक्ति का केंद्र बना हुआ है. कथा स्थल पर प्रतिदिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है. भक्ति गीतों, मंत्रोच्चार और जय श्रीकृष्ण के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है.
नगर के अलावा आसपास के ग्रामीण इलाकों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं.
कृष्ण लीला का हुआ भावपूर्ण वर्णन
कथा के पांचवें दिन कथावाचक पंडित अनिल भारद्वाज महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन किया.
उन्होंने पूतना उद्धार प्रसंग सुनाते हुए कहा कि जिस मनुष्य के भीतर दूसरों के बच्चों के प्रति भी ममता और करुणा हो, वही सच्चे अर्थों में मानवता का पालन करता है.
कथा के दौरान शकट भंजन, तृणावर्त उद्धार, माखन चोरी, गोचारण लीला, यमलार्जुन उद्धार और कालिया नाग दमन की कथा सुन श्रद्धालु भक्ति भाव में डूब गए.
सुदामा चरित्र सुन भावुक हुए श्रद्धालु
छठे दिन भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की अटूट मित्रता पर आधारित सुदामा चरित्र का मार्मिक वर्णन किया गया.
कथावाचक ने मित्रता, प्रेम और भक्ति का महत्व बताते हुए कहा कि सच्चा संबंध केवल भाव और समर्पण से मजबूत होता है. कथा के दौरान रासलीला, कंस वध और श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह प्रसंग भी सुनाए गए.
रास पंचाध्यायी पर डाला प्रकाश
विधिवत पूजन-अर्चना वरुण शास्त्री महाराज द्वारा कराया गया, जबकि श्रीमद्भागवत महापुराण के 18 हजार श्लोकों का पाठ अरुण तिवारी शास्त्री ने किया.
कथा के दौरान रास पंचाध्यायी के आध्यात्मिक रहस्यों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया. कथावाचक ने कहा कि भागवत पुराण में रास पंचाध्यायी को हृदय का स्थान प्राप्त है.
पंजाबी शैली में हुआ सम्मान
देर शाम तक चले कथा कार्यक्रम के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया. इस दौरान पंजाबी समुदाय के लोगों ने सरदार जुगनू सिंह के नेतृत्व में कथावाचक महाराज को पंजाबी शैली में पगड़ी बांधकर सम्मानित किया.
आयोजन में जुटे समिति सदस्य
कार्यक्रम को सफल बनाने में सनातन सेवा समिति के सदस्य और युवा कार्यकर्ता लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं.
समिति के प्रतिनिधि नागेंद्र साह ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन प्रसाद वितरण और अन्य व्यवस्थाएं की जा रही हैं. उन्होंने समिति के सभी सदस्यों के सहयोग की सराहना की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सरफराज अहमद
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










