नरकटियागंज में नवविवाहिता गजाला खातून की मौत मामले में नया मोड़, मां ने कहा- बेटी ने की आत्महत्या

Updated:
विज्ञापन
गजाला खातून

गजाला खातून

शिकारपुर थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय गजाला खातून की संदिग्ध मौत मामले में नया मोड़ आ गया है. मृतका की मां ने पुलिस को दिए लिखित आवेदन में कहा है कि उनकी बेटी ने आत्महत्या की है. पुलिस ने यूडी (अप्राकृतिक मृत्यु) केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

विज्ञापन

Bettiah News: शिकारपुर थाना क्षेत्र के सतवरिया गांव में प्रेम विवाह के महज ढाई महीने बाद हुई 19 वर्षीय गजाला खातून की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है. घटना के तीसरे दिन मृतका की मां ने पुलिस को लिखित आवेदन देकर दावा किया कि उनकी बेटी ने आत्महत्या की थी. इसके बाद पुलिस ने यूडी (अप्राकृतिक मृत्यु) केस दर्ज कर जांच आगे बढ़ा दी है.

मामले की आगे की कार्रवाई अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर होगी.

मां ने आवेदन में क्या कहा?

मृतका की मां नईमा खातून अपनी बड़ी बेटी नाजरा खातून के साथ शिकारपुर थाना पहुंचीं.

उन्होंने पुलिस को दिए लिखित आवेदन में कहा कि उनकी बेटी मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और उसने आत्महत्या की है. आवेदन में किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कोई आरोप नहीं लगाया गया.

घटना वाले दिन लगाए गए थे हत्या के आरोप

18 जुलाई को गजाला खातून का शव उसके ससुराल में फंदे से लटका मिला था.

पुलिस के अनुसार, घटना से पहले बाइक की चाबी को लेकर गजाला, उसके पति रिजवान अंसारी और देवर नबी आलम के बीच कहासुनी हुई थी. इसके कुछ समय बाद उसका शव फंदे से लटका मिला.

घटना के दिन मृतका की बड़ी बहन नाजरा खातून ने सास घुना खातून और देवर नबी आलम पर हत्या का आरोप लगाया था.

पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद शिकारपुर थाना पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था.

एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह ने बताया कि मृतका की मां के बयान और लिखित आवेदन के आधार पर यूडी केस दर्ज किया गया है. उन्होंने कहा कि एफएसएल जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और अंतिम निष्कर्ष सभी वैज्ञानिक एवं अन्य साक्ष्यों की जांच पूरी होने के बाद ही निकाला जाएगा.


विज्ञापन
सतीश कुमार पांडेय

लेखक के बारे में

By सतीश कुमार पांडेय

सतीश कुमार पांडेय ने वर्ष 2000 में जी न्यूज से पत्रकारिता की शुरुआत की. इन्होंने चर्चित दस्यु सरगनाओं की रिपोर्टिंग की. बाद में आज और दैनिक जागरण में कार्य किया. वर्ष 2016 से वें प्रभात खबर में कार्यरत हैं. इन्हें क्राइम, प्रशासनिक, राजनीतिक, सामाजिक तथा खेती-किसानी से जुड़ी खबरों में विशेष रुचि रही है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन