बेतिया में सहयोग शिविर का तीसरा चरण, डीएम ने योजनाओं से जुड़े आवेदनों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
सहयोग शिविर में डीएम, महापौर, नगर आयुक्त, वार्ड पार्षद व अन्य
बेतिया में 'सरकार आपके द्वार' अभियान के तहत सहयोग शिविर का तीसरा चरण आयोजित हुआ। जिलाधिकारी ने विभिन्न वार्डों में लगे शिविरों का निरीक्षण कर अधिकारियों को कल्याणकारी योजनाओं के आवेदनों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। महापौर ने इस पहल की सराहना की।
Bettiah News: सरकार आपके द्वार अभियान की तर्ज पर चल रहे सहयोग शिविर के तीसरे चरण में मंगलवार को नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 15 से 22 तक शिविर आयोजित किए गए. वार्ड 17 स्थित राजकीय कन्या मध्य विद्यालय, लालबाजार में लगे शिविर का जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने निरीक्षण किया.
आपके शहर में
निरीक्षण के दौरान डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े सभी आवेदनों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए.
महापौर बोलीं- लोगों को मिल रहा सीधा लाभ
शिविर के दौरान महापौर गरिमा देवी सिकारिया और नगर आयुक्त शिवाक्षी दीक्षित भी मौजूद रहीं.
महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत आयोजित सहयोग शिविर आम लोगों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं. उन्होंने प्रशासन की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में आने वाले आवेदनों का गंभीरता से निस्तारण किया जा रहा है.
अब कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे
वार्ड 17 के नगर पार्षद रोहित कुमार सिकारिया ने शिविर का निरीक्षण करने पहुंचे अधिकारियों का आभार जताया.
उन्होंने कहा कि इस पहल से नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं.
बड़ी संख्या में पहुंचे लाभुक
शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन जमा किए. प्रशासन ने संबंधित विभागों को इन आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया है.
इस मौके पर समाजसेवी नवेंदु चतुर्वेदी सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए