सिर्फ डिजिटल के लिए....नगर निगम में कर संग्राहक पर उप महापौर ने लगाए गंभीर आरोप, जुलुम साह ने ईंधन मांग को बताया विवाद की वजह
गायत्री देवी, डिप्टी मेयर | Prabhat Khabar Network
बेतिया नगर निगम में कर संग्राहक जुलुम साह पर वित्तीय अनियमितता के आरोप लगे हैं। उप महापौर ने जांच की मांग की, वहीं आरोपी ने इसे ईंधन विवाद बताया है।
बेतिया. नगर निगम बेतिया में कर संग्राहक पद पर कार्यरत जुलुम साह को लेकर विवाद गहरा गया है. नगर निगम की उप महापौर गायत्री देवी ने नगर आयुक्त को पत्र देकर जुलुम साह पर नियुक्ति प्रक्रिया, सेवा अभिलेख और वित्तीय मामलों में अनियमितता के गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने पूरे मामले की जांच कराने और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है. उप महापौर ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति के दौरान सेवा अभिलेखों में गड़बड़ी की गई. उन्होंने जन्म तिथि में हेरफेर कर उम्र कम कराने का भी आरोप लगाया है. उप महापौर के अनुसार सही जन्म तिथि के आधार पर सेवानिवृत्ति की स्थिति अलग होती, लेकिन गलत तरीके से लाभ लेने का प्रयास किया गया. इसके अलावा उप महापौर ने कर वसूली और नगर निकाय की राशि के हिसाब-किताब में भी अनियमितता का आरोप लगाया है. उन्होंने आरोप लगाया कि मीना बाजार की सेरात वसूली की करीब पांच लाख रुपये की राशि नगर परिषद के खाते में जमा नहीं की गई. वहीं वर्ष 2016-17 में दैनिक कर्मियों के पारिश्रमिक भुगतान के लिए दिए गए 23 लाख रुपये के अग्रिम का भी पूरा हिसाब नहीं देने का आरोप लगाया गया है. उप महापौर ने कर संग्राहक के रूप में कार्य के दौरान रसीद बही, ऑडिट रिपोर्ट और वसूली राशि की जांच कराने की मांग की है. उन्होंने नगर आयुक्त से मामले में उच्चस्तरीय जांच कमेटी गठित करने का आग्रह किया है. इधर, कर संग्राहक जुलुम साह ने सभी आरोपों को गलत बताया है. उन्होंने कहा कि उप महापौर के बेटे की ओर से ईंधन मद में रोजाना 140 लीटर डीजल की मांग की जाती है. मांग पूरी नहीं करने के कारण उनके खिलाफ इस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं. जुलुम साह ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में नगर आयुक्त को लिखित शिकायत भी दी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By गणेश वर्मा
गणेश ने अपनी पत्रकारिता यात्रा की शुरुआत 2014 में गोरखपुर स्थित हिंदुस्तान अखबार से की। तब से लगातार मुख्यधारा मीडिया में सक्रिय रहकर उन्होंने रिपोर्टिंग से लेकर संपादकीय दायित्वों तक का अनुभव हासिल किया है। फिलहाल वे प्रभात खबर से जुड़े हैं और पश्चिम चम्पारण जिले में बतौर ब्यूरो चीफ कार्यरत हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









