सिर्फ डिजिटल के लिए...इंडो नेपाल बॉर्डर एरिया के 51 वंचित गांवों के सरकारी स्कूलों में होगी शिक्षकों की नियुक्ति, चार प्रखंडों के युवाओं को मिलेगा मौका
निकली शिक्षक भर्ती, 8000 तक मिलेगा मानदेय, जानें पूरी डिटेल
पश्चिम चंपारण के 51 सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति के लिए आवेदन शुरू। इंटर पास युवा 16 जुलाई तक कर सकते हैं आवेदन, जानें पूरी प्रक्रिया।
पश्चिम चंपारण जिले के वंचित और सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले के चार प्रखंडों में विशेष शिक्षा पहल शुरू की गई है. विवेकानंद रूरल एजुकेशन फाउंडेशन एवं ज्ञानशाला-सीमैया के संयुक्त तत्वावधान में संचालित वी-रेफिग्स (V-REFIGGS) परियोजना के तहत जिले के 51 वंचित गांवों के सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी. प्रत्येक विद्यालय में दो शिक्षकों की नियुक्ति का प्रावधान है. इस परियोजना का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों में नामांकित बच्चों को अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग देना और उनकी पढ़ाई के स्तर में सुधार लाना है. योजना के तहत गौनाहा, नरकटियागंज, मैनाटांड़ और सिकटा प्रखंड के चयनित सरकारी विद्यालयों को शामिल किया गया है. इंटर पास कर सकेंगे आवेदन, स्नातक व प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को प्राथमिकता शिक्षक पद के लिए न्यूनतम योग्यता इंटरमीडिएट निर्धारित की गई है. स्नातक (बीए/बीएससी) तथा डीएलएड/बीएड प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को चयन में प्राथमिकता दी जाएगी. आवेदन करने वाले अभ्यर्थी की उम्र 1 जुलाई 2026 को 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए. विद्यालय के तीन किलोमीटर के दायरे में रहने वाले स्थानीय अभ्यर्थियों को प्राथमिकता मिलेगी. 6000 से 8000 रुपये तक मिलेगा मानदेय चयनित शिक्षकों को योग्यता के अनुसार प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा. इंटर पास अभ्यर्थियों को 6000 रुपये, स्नातक अभ्यर्थियों को 7000 रुपये तथा डीएलएड/बीएड डिग्रीधारकों को 8000 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा. बेहतर प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों को अतिरिक्त मानदेय देने का भी प्रावधान है. 12 से 16 जुलाई तक होगा आवेदन इच्छुक अभ्यर्थी 12 जुलाई 2026 से 16 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. चयन लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर होगा. लिखित परीक्षा 19 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी. सफल अभ्यर्थियों को नरकटियागंज में 10 दिनों का प्रारंभिक प्रशिक्षण दिया जाएगा. इन प्रखंडों के विद्यालयों में होगी नियुक्ति परियोजना के तहत गौनाहा प्रखंड के 13, नरकटियागंज प्रखंड के 12, मैनाटांड़ प्रखंड के 11 और सिकटा प्रखंड के 15 सरकारी विद्यालयों को शामिल किया गया है. इन विद्यालयों में चयनित शिक्षकों को बच्चों की शैक्षणिक क्षमता बढ़ाने के लिए अतिरिक्त कक्षाओं का संचालन करना होगा. इन विद्यालयों में होगी नियुक्ति गौनाहा प्रखंड के बन बैरिया, भटजुला, भिखनाठोरी, धमौरा, एकवा, भवानीपुर, नया टोला मंगुराहा, हरपुर फार्म, सिंघल टोला, रतनी टांड़ी, सिहासनी टोला, पिपरिया और पोहरवा सहित विद्यालय शामिल हैं. नरकटियागंज प्रखंड के बहुअरवा खुर्द, भंता डीह, मलदहिया, सरेहवा इकहवां, अंजुआ, मुसहर टोली अंजुआ, पीपरा पकड़ी, महुआवा, सैदपुर धांगड़ टोली, बखरी उर्दू, मदरौल और मकतब सीतापुर बलुआ विद्यालय शामिल हैं. मैनाटांड़ प्रखंड के बेलवा टोला, मैनाटांड़ कन्या, शेरवा बसंतपुर, बुन्नीलाल रामदेव डुमरिया टोला, बौध बरवा, चिउटाहा, पुरैनिया पूर्वी, बिनवलिया सुखलही, इनरवा गफूर टोली, गौरापुर और मझरिया उर्दू विद्यालय शामिल हैं. सिकटा प्रखंड के विशुनपुरवा, सबेठवा उर्दू, परशुरामपुर मुसहर टोली, मझरिया, बड़हरी, सिकटा बालक, धांगड़ टोली, हरपुर पुरैनिया, उत्तरवारी टोला मुसहरी, महेसरा, सदवा, सोनबरसा, खाप टोला, मझरिया और सतवरिया विद्यालयों में नियुक्ति होगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By गणेश वर्मा
गणेश ने अपनी पत्रकारिता यात्रा की शुरुआत 2014 में गोरखपुर स्थित हिंदुस्तान अखबार से की। तब से लगातार मुख्यधारा मीडिया में सक्रिय रहकर उन्होंने रिपोर्टिंग से लेकर संपादकीय दायित्वों तक का अनुभव हासिल किया है। फिलहाल वे प्रभात खबर से जुड़े हैं और पश्चिम चम्पारण जिले में बतौर ब्यूरो चीफ कार्यरत हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









