बेतिया में मॉडल स्कूलों की बैठक, 15 अगस्त से पहले लाइव क्लास और 12 अगस्त तक आईसीटी लैब तैयार करने का निर्देश

Updated:
विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

बेतिया में जिला शिक्षा अधिकारी राजन कुमार की अध्यक्षता में मॉडल स्कूलों के प्रधानाध्यापकों की बैठक हुई. बैठक में 15 अगस्त से पहले लाइव क्लास शुरू करने और 12 अगस्त तक आईसीटी लैब को क्रियाशील करने के निर्देश दिए गए.

विज्ञापन

Bettiah News: जिला शिक्षा अधिकारी राजन कुमार की अध्यक्षता में जिले के सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) के प्रधानाध्यापकों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई. बैठक में शिक्षा विभाग की ओर से उपलब्ध कराए गए संसाधनों के बेहतर उपयोग, डिजिटल शिक्षा को प्रभावी बनाने और विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं को क्रियाशील रखने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए. बैठक में अनुपस्थित प्रधानाध्यापकों से कारण पूछने का निर्देश संबंधित प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को दिया गया.

15 अगस्त से पहले शुरू होगी लाइव क्लास

बैठक में सभी मॉडल स्कूलों में 15 अगस्त से पहले लाइव क्लास संचालित करने की तैयारी पूरी करने का निर्देश दिया गया. इसके लिए विद्यालयों में उपलब्ध डिजिटल संसाधनों की जांच कर आवश्यक तकनीकी व्यवस्था समय पर दुरुस्त करने को कहा गया.

12 अगस्त तक स्मार्ट क्लास और इंटरनेट की व्यवस्था

उन्नयन बिहार कार्यक्रम के तहत विद्यालयों को उपलब्ध कराए गए स्मार्ट क्लास के हार्डवेयर की मरम्मत और रखरखाव का काम 12 अगस्त तक पूरा करने का निर्देश दिया गया. साथ ही स्मार्ट क्लास के संचालन के लिए इंटरनेट सुविधा सुनिश्चित करने और नोडल शिक्षक का नाम एवं मोबाइल नंबर उपलब्ध कराने को कहा गया.

आईसीटी लैब को क्रियाशील करने का निर्देश

डीईओ ने सभी विद्यालयों में उपलब्ध आईसीटी लैब को भी 12 अगस्त तक सुव्यवस्थित एवं पूरी तरह क्रियाशील करने का निर्देश दिया. विद्यालयों से कंप्यूटरों की संख्या, लैब इंस्ट्रक्टर अथवा नोडल शिक्षक का विवरण भी उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि डिजिटल संसाधनों की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके.

विज्ञान प्रयोगशालाओं के नियमित उपयोग पर जोर

बैठक में विज्ञान प्रयोगशालाओं का विद्यार्थियों द्वारा नियमित उपयोग सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया. डीईओ राजन कुमार ने प्रयोगशालाओं की वर्तमान स्थिति, उपलब्ध उपकरण एवं फर्नीचर तथा छात्र-छात्राओं द्वारा प्रयोगशाला के उपयोग से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन मांगा.

विद्यालयों को प्रयोगशाला में विद्यार्थियों के उपयोग के जियो-टैग फोटो सहित रिपोर्ट 12 अगस्त तक उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया.

यह भी पढ़ें: स्वतंत्रता दिवस से पहले नरकटियागंज स्टेशन पर हाई अलर्ट, डॉग स्क्वाड ने की जांच

संसाधनों की इन्वेंटरी तैयार कर ई-शिक्षाकोष पर करें अपलोड

डीईओ ने शिक्षा विभाग से उपलब्ध कराई जा रही सामग्री और विद्यालयों में पहले से मौजूद संसाधनों की भंडार पंजी में अनिवार्य प्रविष्टि करने का निर्देश दिया. सभी संसाधनों की इन्वेंटरी तैयार कर संबंधित प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी से सत्यापित कराने के बाद 17 अगस्त तक ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर अपलोड करना होगा.

फर्नीचर और निर्माण संबंधी शिकायतों की दें लिखित सूचना

विद्यालयों में फर्नीचर, प्रयोगशाला सामग्री अथवा असैनिक निर्माण से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत मिलने पर उसकी लिखित सूचना जिला शिक्षा कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया. विभागीय स्तर पर जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही गई.

यह भी पढ़ें: स्वतंत्रता दिवस से पहले नरकटियागंज स्टेशन पर हाई अलर्ट, डॉग स्क्वाड ने की जांच


विज्ञापन
रवि 'रंक'

लेखक के बारे में

By रवि 'रंक'

90 के दशक में विद्यार्थी जीवन से ही रवि 'रंक' के आलेख, निबंध, संस्मरण और कविताएं क्षेत्रीय पत्र पत्रिकाओं के लिए लिखते रहे हैं. हिंदी विषय में स्नातकोत्तर योग्यताधारी रवि 'रंक' ने दैनिक हिंदुस्तान के पटना से प्रकाशित उत्तर बिहार संस्करण के साथ जनवरी 2001 से अपनी पत्रकारिता शुरु की. फरवरी 2020 में हिंदुस्तान से अलग होकर प्रभात खबर के पश्चिम चंपारण संस्करण में बतौर जिला मुख्यालय संवाददाता के रूप में पदस्थापित हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन