liquor seized bagaha: दियारा इलाके में नाव से शराब तस्करी की कोशिश नाकाम, अंधेरे का फायदा उठा भागे तस्कर
पुलिस छापेमारी में बरामद शराब
liquor seized bagaha: नगर थाना पुलिस ने दीनदयाल नगर घाट के पास गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए गंडक नदी के रास्ते नाव से लाई जा रही 18 लीटर बीयर और 25.920 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है. फरार तस्करों की तलाश जारी है. जानिए पूरी खबर…
बगहा से चंद्र प्रकाश आर्य की रिपोर्ट
liquor seized bagaha: पुलिस जिला अंतर्गत नगर थाना पुलिस ने शनिवार की रात गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने सीमावर्ती उत्तर प्रदेश से गंडक दियारा के रास्ते नाव के जरिए लाई जा रही शराब की एक बड़ी खेप बरामद की है. हालांकि पुलिस की भनक लगते ही शराब तस्कर रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहे. पुलिस ने घटनास्थल से भारी मात्रा में बीयर और अंग्रेजी शराब जब्त की है.
दीनदयाल नगर घाट के पास पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस अधीक्षक (SP) राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गंडक नदी के दियारा क्षेत्र के रास्ते नाव से शराब की खेप लाई जा रही है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए नगर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया. पुलिस टीम ने दीनदयाल नगर घाट के समीप गंडक नदी किनारे मोर्चा संभाला और निगरानी शुरू की. इसी दौरान देर रात पुलिस टीम ने देखा कि नाव से शराब उतारकर तस्कर उसे ले जाने की फिराक में हैं.
18 लीटर बीयर और 25 लीटर से अधिक अंग्रेजी शराब जब्त
पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर तस्करों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस को देखते ही तस्करों में अफरा-तफरी मच गई. वे शराब की बोतलें वहीं फेंककर अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए. तलाशी के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से कुल 18 लीटर बीयर तथा 25.920 लीटर 8 PM अंग्रेजी शराब बरामद की. एसपी ने बताया कि फरार तस्करों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. नगर थानाध्यक्ष द्वारा इस मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










