जहां से गुजरती है एंबुलेंस, वहीं खड़ी कर रहे बाइक; बेतिया GMCH में अब अवैध पार्किंग पर होगी कार्रवाई

Author Alok augustine|Edited by Aaruni Thakur
Updated:
विज्ञापन
फोटो : इमरजेंसी के मुख्य द्वार पर नो पार्किंग जोन में खडी बाइक्स | Prabhat Khabar Network

इमरजेंसी के मुख्य द्वार पर नो पार्किंग जोन में खडी Bikes

बेतिया के राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (GMCH) में नो पार्किंग जोन का हाल बाइक स्टैंड जैसा हो गया है. मुख्य मार्ग और इमरजेंसी के सामने बेतरतीब खड़ी बाइक्स से मरीजों और एंबुलेंस की आवाजाही बाधित हो रही है. अस्पताल प्रशासन अब सख्त कार्रवाई का मन बना रहा है.

विज्ञापन

GMCH Bettiah Illegal Bike Parking: राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसीएच) का नो पार्किंग जोन धीरे-धीरे बाइक स्टैंड में तब्दील होता जा रहा है. मुख्य प्रवेश मार्ग और इमरजेंसी के सामने समेत प्रतिबंधित स्थानों पर बेतरतीब तरीके से दोपहिया वाहन खड़े किए जा रहे हैं. इससे मरीजों और कर्मियों के साथ एंबुलेंस की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है.

अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं. इसके बावजूद कई लोग निर्धारित पार्किंग स्थल में वाहन लगाने के बजाय मुख्य रास्ते और नो पार्किंग क्षेत्र में ही बाइक खड़ी कर चले जाते हैं.

इमरजेंसी के सामने भी खड़े हो रहे वाहन

अस्पताल के मुख्य प्रवेश मार्ग और इमरजेंसी के सामने वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग के कारण कई बार जाम जैसी स्थिति बन जाती है. इसका सीधा असर अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों पर पड़ रहा है.

गंभीर मरीजों को लेकर पहुंचने वाली एंबुलेंस को भी अस्पताल परिसर में प्रवेश करने में परेशानी होती है. स्ट्रेचर और व्हीलचेयर की आवाजाही में भी खड़े वाहन बाधा बन रहे हैं.

सुरक्षा कर्मियों के समझाने का भी असर नहीं

अस्पताल के सुरक्षा कर्मियों द्वारा लोगों को नो पार्किंग जोन में वाहन नहीं लगाने के लिए समझाया जाता है. इसके बावजूद कई लोग प्रतिबंधित स्थानों पर बाइक खड़ी कर चले जाते हैं.

अब अस्पताल प्रशासन नई सुरक्षा एजेंसी के सहयोग से पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने की तैयारी कर रहा है.

डॉक्टर, स्वास्थ्यकर्मी और आम लोगों के लिए अलग पार्किंग

जीएमसीएच के स्वास्थ्य प्रबंधक कुमार विशाल के मुताबिक, चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों, एंबुलेंस और आम लोगों के लिए बनाए गए अलग-अलग पार्किंग जोन में ही वाहन खड़े कराए जाएंगे.

पार्किंग क्षेत्रों में बैरिकेडिंग भी लगाई जाएगी, ताकि वाहन खड़ा करने की जगह स्पष्ट रहे और मुख्य रास्तों पर पार्किंग न हो.

नो पार्किंग में बाइक लगाई तो होगी कार्रवाई

अस्पताल प्रशासन नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों को हटाने के लिए नियमित अभियान चलाएगा. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जाएगी.

फिलहाल नई सुरक्षा एजेंसी के सहयोग से पार्किंग व्यवस्था को दुरुस्त करने की तैयारी है. इसका उद्देश्य मुख्य प्रवेश मार्ग और इमरजेंसी के रास्ते को बाधामुक्त रखना है, ताकि मरीजों, एंबुलेंस और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े वाहनों की आवाजाही प्रभावित न हो.


विज्ञापन
Alok Augustine

लेखक के बारे में

By Alok Augustine

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन