बारिश में तालाब बन जाती है सड़क, डुमरी गांव की सड़क पर 4 साल से जलजमाव
नाराजगी जाहिर करते ग्रामीण | Prabhat Khabar Network
पश्चिम चंपारण के डुमरी गांव में चार वर्षों से मुख्य सड़क जलजमाव से जूझ रही है, हल्की बारिश में भी यह तालाब बन जाती है. ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थायी समाधान की मांग को लेकर लोग नाराज हैं.
नवलपुर: पश्चिम चंपारण के योगापट्टी प्रखंड स्थित डुमरी गांव की मुख्य सड़क पिछले तीन-चार वर्षों से जलजमाव की समस्या से जूझ रही है. हल्की बारिश होते ही सड़क पर पानी भर जाता है, जिससे ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है.
हल्की बारिश में भी सड़क बन जाती है तालाब
ग्रामीणों के अनुसार सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं और समुचित जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण अधिकांश समय पानी जमा रहता है. बारिश के दौरान सड़क कीचड़ और फिसलन से भर जाती है, जिससे दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है. सबसे अधिक परेशानी स्कूल आने-जाने वाले बच्चों और पैदल चलने वालों को होती है.
कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समाधान
ग्रामीणों का कहना है कि जलजमाव की समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी पहल नहीं हुई. लोगों का आरोप है कि हर बारिश में यही स्थिति बन जाती है, लेकिन समाधान की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए.
सड़क मरम्मत और जल निकासी की उठाई मांग
पूर्व मुखिया प्रत्याशी जितेंद्र प्रसाद, सैफुल खातून, चंदन कुमार, जुमराती मियां, एकबाल साह समेत अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क की मरम्मत कराने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि लोगों को आवागमन में राहत मिल सके.
मुखिया बोलीं- विधायक योजना से होगी मरम्मत
इस मामले में पंचायत की मुखिया आरती कुमारी ने बताया कि पंचायत की ओर से सड़क की सफाई करा दी गई है. उन्होंने कहा कि सड़क की मरम्मत विधायक स्तर की योजना के तहत कराई जानी है.
यह भी पढे़ं: बिहार डीएलएड 2026: आज जारी होगा रिजल्ट, ऐसे डाउनलोड करें स्कोर कार्ड
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By गणेश वर्मा
गणेश ने अपनी पत्रकारिता यात्रा की शुरुआत 2014 में गोरखपुर स्थित हिंदुस्तान अखबार से की। तब से लगातार मुख्यधारा मीडिया में सक्रिय रहकर उन्होंने रिपोर्टिंग से लेकर संपादकीय दायित्वों तक का अनुभव हासिल किया है। फिलहाल वे प्रभात खबर से जुड़े हैं और पश्चिम चम्पारण जिले में बतौर ब्यूरो चीफ कार्यरत हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










