60 दिन से बकाया बिजली बिल वालों का कटेगा कनेक्शन, बिजली चोरी पर भी सख्ती
सहायक अभियंता सुशील कुमार के नेतृत्व शहरी क्षेत्र में छापेमारी करती विभाग की टीम
नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (NBPDCL) ने अगस्त में राजस्व वसूली का बड़ा लक्ष्य रखा है. 60 दिन से अधिक समय से बिजली बिल बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे जाएंगे, वहीं बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होगी.
Bettiah News: नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (NBPDCL) ने अगस्त माह में सदर शहरी सब डिवीजन के लिए 7 करोड़ 35 लाख रुपये राजस्व वसूली का लक्ष्य निर्धारित किया है. लक्ष्य पूरा करने के लिए विभाग ने बिजली चोरी करने वालों और 60 दिन या उससे अधिक समय से बकाया बिजली बिल नहीं जमा करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है.
Electricity News: 60 दिन से बकायेदारों पर होगी कार्रवाई
सदर शहरी सब डिवीजन के सहायक अभियंता सुशील कुमार ने बताया कि बेतिया टाउन-1 और बेतिया टाउन-2 प्रशाखा के 60 दिन से अधिक समय से बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं को चिन्हित किया गया है. निर्धारित समय तक बिल जमा नहीं करने पर उनका बिजली कनेक्शन काट दिया जाएगा.
हर दिन होगी राजस्व वसूली की समीक्षा
उन्होंने बताया कि विभाग प्रतिदिन बिजली की खपत और राजस्व वसूली की समीक्षा कर रहा है. सभी विद्युत आपूर्ति प्रशाखाओं को बकायेदारों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.
जीरो कंजम्प्शन और नेगेटिव बैलेंस की होगी जांच
विभाग ने सामान्य से कम या शून्य बिजली खपत (जीरो कंजम्प्शन) तथा नेगेटिव बैलेंस वाले उपभोक्ताओं की जांच का भी निर्देश दिया है. प्रत्येक प्रशाखा में ऐसे 300 उपभोक्ताओं को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
बिजली चोरी पर 50 एफआईआर दर्ज करने का लक्ष्य
सहायक अभियंता ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं का बिजली कनेक्शन बकाया के कारण काटा जा चुका है, लेकिन वे अवैध रूप से बिजली का उपयोग कर रहे हैं, उनके विरुद्ध सर्टिफिकेट केस दर्ज किया जाएगा. इसके अलावा अगस्त माह में बिजली कंपनी को नुकसान पहुंचाने वाले कम से कम 50 उपभोक्ताओं के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने का लक्ष्य रखा गया है.
समय पर बिल जमा करने की अपील
बिजली विभाग ने सभी उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल जमा करने की अपील की है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि बकाया राशि नहीं चुकाने और अवैध बिजली उपयोग करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: वीटीआर के जंगल से सटे गांवों में पानी घुसा, प्रशासन से राहत और सड़क मरम्मत की मांग
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By रवि 'रंक'
90 के दशक में विद्यार्थी जीवन से ही रवि 'रंक' के आलेख, निबंध, संस्मरण और कविताएं क्षेत्रीय पत्र पत्रिकाओं के लिए लिखते रहे हैं. हिंदी विषय में स्नातकोत्तर योग्यताधारी रवि 'रंक' ने दैनिक हिंदुस्तान के पटना से प्रकाशित उत्तर बिहार संस्करण के साथ जनवरी 2001 से अपनी पत्रकारिता शुरु की. फरवरी 2020 में हिंदुस्तान से अलग होकर प्रभात खबर के पश्चिम चंपारण संस्करण में बतौर जिला मुख्यालय संवाददाता के रूप में पदस्थापित हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










