Bettiah News: पैसा डबल करने वाले ठगी गिरोह का तीसरा आरोपी गिरफ्तार, मक्का-मदीना से रकम आने का देते थे झांसा

Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 15 May 2026 3:08 PM

विज्ञापन

पैसा डबल करने वाले ठगी गिरोह का तीसरा आरोपी गिरफ्तार

Bettiah News: बेतिया की इनरवा पुलिस ने पैसा डबल करने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले गिरोह के तीसरे आरोपी फकरे आलम को जेल भेज दिया है. यह गिरोह मक्का-मदीना से पैसा आने का झांसा देकर महिलाओं को ठगता था.पढ़ें पूरी खबर…

विज्ञापन

Bettiah News:पश्चिम चंपारण जिले की इनरवा थाना पुलिस ने पैसा डबल करने का झांसा देकर भोले-भाले लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने इस कुख्यात गिरोह के तीसरे आरोपी को धर दबोचा है. शुक्रवार को पुलिस ने मैनाटांड थाना क्षेत्र के बस्ठा गांव निवासी फकरे आलम उर्फ भन्नू शेख को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया.

10 हजार के बदले 10 लाख का देते थे लालच

थानाध्यक्ष चंद्रशेखर कुमार ने बताया कि आरोपी फकरे आलम को इनरवा थाना कांड संख्या 61/26 के तहत गिरफ्तार किया गया है. दरअसल, यह गिरोह गांव-गांव घूमकर खासकर महिलाओं को अपना निशाना बनाता था. आरोपी दावा करते थे कि एक हजार रुपये देने पर एक लाख, दस हजार पर दस लाख और दस लाख रुपये देने पर दस करोड़ रुपये वापस मिलेंगे. ग्रामीणों को गुमराह करने और उन पर अंधविश्वास का जाल बुनने के लिए आरोपी कहते थे कि यह चमत्कारी पैसा सीधे “मक्का-मदीना” से आएगा.

ग्रामीणों ने सास और दामाद को रंगे हाथ पकड़ा था

इस मामले का खुलासा बीते 13 अप्रैल 2026 को हुआ था, जब पिराडी गांव में ग्रामीणों ने ठगी कर रही मुख्य आरोपी महिला बेबी खातून और उसके दामाद राज बाबू (निवासी लखनऊ, यूपी) को रंगे हाथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था. जांच में सामने आया कि बेबी खातून ने करीब 10 से 15 महिलाओं से लाखों रुपये की ठगी की थी.

दो साल पहले 5 लाख देकर फंसी महिला, पुलिस जांच तेज

ठगी की शिकार भंगहा थाना क्षेत्र के नगरदेही गांव निवासी लालचूनी देवी ने इस संबंध में इनरवा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी.पीड़िता का आरोप है कि दो वर्ष पूर्व मुख्य आरोपी ने उनसे पांच लाख रुपये लिए थे और उसे पांच करोड़ बनाने का झांसा दिया था. समय बीतने पर जब पैसा वापस मांगा गया, तो आरोपियों द्वारा धमकी दी जाने लगी. पुलिस अब गिरोह के अन्य संपर्कों और फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

मोतिहारी के कोटवा से शिवम कुमार की रिपोर्ट

विज्ञापन
SUMIT KUMAR

लेखक के बारे में

By SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन