Bettiah: जिले में कल लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, ट्रैफिक चालान पर मिलेगी 50% तक की छूट

लोक अदालत (AI जेनरेटेड प्रतीकात्मक फोटो)
Bettiah News: पश्चिम चम्पारण में 9 मई को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन होगा. इसमें आपसी सुलह के आधार पर बैंक, बिजली बिल और वैवाहिक विवादों का निपटारा किया जाएगा. ट्रैफिक चालान के लंबित मामलों पर 50% तक की भारी छूट दी जाएगी. पढे़ं पूरी खबर…
Bettiah News: जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में आगामी 9 मई को पश्चिम चम्पारण के व्यवहार न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा. इस अदालत का मुख्य उद्देश्य लंबित मामलों का आपसी सुलह के आधार पर त्वरित और सुलभ निष्पादन करना है. आयोजन को लेकर प्राधिकार द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं और विभिन्न विभागों व बैंकों के माध्यम से हजारों पक्षकारों को नोटिस भेजे गए हैं.
इन मामलों का होगा मौके पर निबटारा
राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न श्रेणियों के वादों की सुनवाई के लिए अलग-अलग बेंच का गठन किया गया है. इसमें मुख्य रूप से बैंकिंग वाद, बीमा एवं दावा वाद, सुलहनीय आपराधिक और दीवानी मामले, राजस्व वाद, पेंशन एवं सेवा संबंधी मामले, वैवाहिक विवाद, मोटरयान दुर्घटना वाद (MACT), बिजली व पानी बिल विवाद और श्रम व मजदूरी से जुड़े मामलों का निपटारा किया जाएगा. न्यायिक पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है ताकि पक्षकारों को भटकना न पड़े.
ट्रैफिक चालान पर भारी छूट का मौका
इस बार की लोक अदालत वाहन स्वामियों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है. ट्रैफिक चालान से संबंधित लंबित मामलों के निबटारे का सुनहरा अवसर दिया जा रहा है. परिवहन विभाग की अधिसूचना के अनुसार, लोक अदालत के माध्यम से चालान राशि में 50 प्रतिशत तक की छूट का प्रावधान किया गया है. प्राधिकार ने अपील की है कि जिन लोगों के चालान लंबित हैं, वे 9 मई से पहले कार्यालय से संपर्क कर प्रक्रिया पूरी कर लें.
सुलह के आधार पर खत्म होंगे विवाद
अधिकारियों ने बताया कि लोक अदालत में दोनों पक्षों की सहमति से मामलों को बंद किया जाता है, जिससे समय और धन की बचत होती है. साथ ही, इसमें दिए गए फैसले के खिलाफ कोई अपील नहीं होती, जिससे विवाद हमेशा के लिए खत्म हो जाता है.
बेतिया से अवध किशोर तिवारी की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aniket Kumar
अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










