Bettiah: रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण पर लगा ब्रेक, ऑफिस की शिफ्टिंग में फंसा पेंच

बेतिया रेलवे स्टेशन
Bettiah News: अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 54 करोड़ की लागत से संवर रहे बेतिया रेलवे स्टेशन का निर्माण कार्य पुराने कार्यालयों की शिफ्टिंग न होने से ठप है. निर्माण कार्य धीमा होने से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं. पढे़ं पूरी खबर…
Bettiah News: पश्चिम चम्पारण के बेतिया रेलवे स्टेशन को आधुनिक बनाने की महत्वाकांक्षी योजना फिलहाल अधर में लटकी नजर आ रही है. अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब 54 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से विकसित होने वाला यह स्टेशन पिछले दो माह से निर्माण कार्य ठप होने के कारण सुर्खियों में है. इसका मुख्य कारण पुराने रेलवे कार्यालयों की नए भवनों में शिफ्टिंग न होना बताया जा रहा है.
पुराने भवनों के खाली नहीं होने से रुका काम
स्टेशन परिसर में नए प्लेटफार्म, स्टेशन अधीक्षक कार्यालय और टिकट काउंटर सहित कई नए भवन लगभग बनकर तैयार हैं. इसके बावजूद पुराने भवनों में संचालित कार्यालयों को अब तक खाली नहीं किया गया है. पुराने भवनों के ध्वस्त नहीं होने के कारण मुख्य निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ पा रहा है. स्टेशन अधीक्षक विजय कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, कार्यालयों की शिफ्टिंग उच्च अधिकारियों के निर्देश के बाद ही संभव हो सकेगी. हालांकि दक्षिणी हिस्से में नींव का काम पूरा हो चुका है, लेकिन आगे का ढांचा खड़ा करने के लिए जगह की कमी बाधा बन रही है.
शीशमहल की तर्ज पर होना है निर्माण
बता दें कि इस स्टेशन को ऐतिहासिक बेतिया राज के प्रसिद्ध ‘शीशमहल’ की तर्ज पर विकसित किया जाना है. सांसद डॉ. संजय जायसवाल के विशेष प्रयास से इस परियोजना का बजट 18 करोड़ से बढ़ाकर 54 करोड़ रुपये किया गया था. योजना में आधुनिक वेटिंग हॉल, डिजिटल डिस्प्ले, एस्केलेटर, मिनी मार्केट और एयरपोर्ट जैसी पार्किंग व्यवस्था शामिल है. साथ ही बानूछापर की ओर दूसरे प्रवेश द्वार का भी प्रस्ताव है.
बढ़ रही है यात्रियों की परेशानी
भले ही ट्रेनों का परिचालन सामान्य है, लेकिन निर्माणाधीन परिसर और जगह-जगह बिखरे मलबे के कारण यात्रियों को काफी कठिनाई हो रही है. यात्रियों का कहना है कि स्टेशन के आधुनिकीकरण से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन कार्य की कछुआ गति अब निराशा पैदा कर रही है. स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन से जल्द से जल्द कार्यालयों को शिफ्ट कर निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की है.
बेतिया से गणेश वर्मा की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aniket Kumar
अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










