बेतिया:  ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बाइक बेचने के नाम पर ठगी, पुलिस ने चार साइबर आरोपी पकड़े

Updated:
विज्ञापन
Bettiah News olx bike fraud gang busted four arrested

प्रतीकात्मक तस्वीर

Bettiah News: एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बाइक बेचने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है. चार आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं. इनके पास से एटीएम कार्ड, मोबाइल, लैपटॉप और फर्जी आधार कार्ड बरामद हुए. सर्विस सेंटर के एक फोन से पूरे मामले का खुलासा हुआ. पढ़ें पूरी खबर…

विज्ञापन

Bettiah News: ऑनलाइन बाइक खरीदने के नाम पर लोगों को ठगने वाले एक गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है. एक आनलाइन प्लेटफॉर्म पर सस्ती बाइक बेचने का झांसा देकर यह गिरोह लोगों से पैसे ऐंठता था. मुफस्सिल थाना पुलिस और तकनीकी शाखा की संयुक्त कार्रवाई में चार युवकों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने इनके पास से कई एटीएम कार्ड, मोबाइल, लैपटॉप और फर्जी दस्तावेज बरामद किए हैं. मामले का खुलासा तब हुआ, जब बाइक सर्विस सेंटर से आए एक फोन ने पूरी सच्चाई सामने ला दी.

सर्विस सेंटर के फोन से खुली ठगी की पोल

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रहने वाले दीपक साह ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे अमन कुमार ने एक साइट पर स्प्लेंडर प्लस बाइक का विज्ञापन देखा था. बातचीत के बाद 64,500 रुपये में सौदा तय हुआ. आरोपितों ने नानोसती चौक पर बाइक दिखाकर पहले 44,500 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए और फिर 20 हजार रुपये नकद ले लिए. अमन बाइक लेकर घर लौट आया. इसी बीच बगहा स्थित सर्विस सेंटर से फोन आया कि जिस बाइक की सर्विसिंग कराई गई है, वह बाइक तो पहले से ही सेंटर में मौजूद है. यह सुनते ही परिवार को ठगी का एहसास हुआ. इसके बाद मुफस्सिल थाना में शिकायत दर्ज कराई गई.

तकनीकी जांच में चार आरोपी गिरफ्तार

शिकायत मिलने के बाद पुलिस और तकनीकी शाखा ने जांच शुरू की. छापेमारी के दौरान पूर्वी चंपारण जिले के चार युवकों को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सूरज कुमार, संदीप कुमार, विशाल कुमार और विवेक कुमार के रूप में हुई है.

आरोपितों के पास से कई सामान बरामद

पुलिस ने आरोपितों के पास से सात एटीएम कार्ड, पांच पासबुक, पांच चेकबुक, चार मोबाइल फोन, दो टैब, दो लैपटॉप, एक मोटरसाइकिल और एक फर्जी आधार कार्ड बरामद किया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने और कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है.

ऑनलाइन खरीद-बिक्री करते समय रहें सतर्क

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर खरीद-बिक्री करते समय सावधानी बरतें. किसी अनजान व्यक्ति को एडवांस पेमेंट, ओटीपी या बैंक से जुड़ी जानकारी बिल्कुल साझा न करें. किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी थाना को दें.

बेतिया से अवध किशोर तिवारी की रिपोर्ट

विज्ञापन
सुनील कुमार सिंह

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन