बेतिया : ईंट लदे ट्रैक्टर से 1386 लीटर विदेशी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन
Bettiah News naurangia police seized foreign liquor brick loaded tractor two smugglers arrested

बरामद शराब के साथ पुलिस पदाधिकारी

Bettiah News: बगहा के नौरंगिया में मद्यनिषेध विभाग और पुलिस ने ईंट लदे ट्रैक्टर से 1386 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की है. मौके से शिकारपुर के दो तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. पढ़ें पूरी खबर…

विज्ञापन

Bettiah News: पुलिस जिला के नौरंगिया थाना क्षेत्र में मद्यनिषेध विभाग और स्थानीय पुलिस को शराब तस्करों के खिलाफ एक बड़ी सफलता मिली है. बेलाहबा रोड पर संयुक्त रूप से की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने ईंट लदे एक ट्रैक्टर से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब जब्त की है. तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए ईंटों के नीचे शराब की खेप छिपा रखी थी. पुलिस ने मौके से दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया है.

ईंट हटाई तो खुला राज, गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल

मद्यनिषेध बगहा के प्रभारी प्रमोद कुमार ने बुधवार को बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रैक्टर के जरिए शराब की एक बड़ी खेप ले जाई जा रही है. सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बेलाहबा रोड पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया. इसी दौरान एक ट्रैक्टर को रोककर जब जांच की गई, तो उस पर ईंटें लदी थीं. पुलिस ने संदेह होने पर जब ईंटों को हटवाया, तो उसके नीचे तहखाने में छिपाकर रखी गई विभिन्न नामी ब्रांडों की कुल 1386 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई.

शिकारपुर के रहने वाले हैं दोनों तस्कर, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टर पर सवार दो धंधेबाजों को रंगे हाथ दबोच लिया. गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान पश्चिम चंपारण जिले के शिकारपुर थाना क्षेत्र निवासी आदित्य चौधरी और लक्ष्मण कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने शराब की खेप और ट्रैक्टर को पूरी तरह जब्त कर लिया है. नौरंगिया थाने में इस संबंध में मद्यनिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है. पुलिस अब यह पता लगा रही है कि शराब कहां से लाई जा रही थी और इसकी डिलीवरी कहां होनी थी.

बगहा से चंद्रप्रकाश आर्य की रिपोर्ट

विज्ञापन
सुनील कुमार सिंह

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन