बेतिया: 36 सप्ताह की कठिन ट्रेनिंग के बाद बिहार पुलिस को मिले 152 नए जवान
Published by : सुनील कुमार सिंह Updated At : 22 May 2026 2:45 PM
पासिंग आउट परेड में सलामी लेते एसएसबी के महानिरीक्षक
Bettiah News: नरकटियागंज एसएसबी परिसर में मुजफ्फरपुर और मोतिहारी जिला पुलिस के 152 प्रशिक्षु जवानों की पासिंग आउट परेड संपन्न हुई. 36 सप्ताह की कठिन ट्रेनिंग के बाद अब ये जवान बिहार पुलिस में अपनी सेवाएं देंगे. पढ़ें पूरी खबर…
Bettiah News: 44वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) नरकटियागंज परिसर में शुक्रवार को बिहार पुलिस के 152 प्रशिक्षु जवानों के दीक्षांत एवं पासिंग आउट परेड समारोह का भव्य शुभारंभ हुआ. मुजफ्फरपुर और मोतिहारी जिला पुलिस बल के इन जवानों ने 36 सप्ताह के बेहद कठिन बुनियादी प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूरा किया है. इस गौरवशाली क्षण को लेकर पूरे परिसर में देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखा गया. मुख्य अतिथि के रूप में पटना सीमांत मुख्यालय एसएसबी के महानिरीक्षक (आईजी) निशीत कुमार उज्जवल (आईपीएस) ने परेड की सलामी ली और जवानों को कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई.
टैटू ड्रिल और डॉग स्क्वाड के प्रदर्शन ने मोहा मन
समारोह में मुख्य अतिथि का स्वागत 44वीं वाहिनी के कमांडेंट बलवंत सिंह नेगी ने किया. दीक्षांत समारोह के दौरान नए जवानों ने अपने बेजोड़ अनुशासन और शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन किया. इस अवसर पर आयोजित टैटू ड्रिल, मास पीटी, आंख बंदकर हथियार खोलने-जोड़ने का ब्लाइंड फोल्ड प्रदर्शन, लाठी ड्रिल, राइफल शूटिंग, बैंड शो तथा डॉग स्क्वाड ड्रिल ने वहां मौजूद दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चुनिंदा प्रशिक्षुओं को मुख्य अतिथि द्वारा ट्रॉफी देकर सम्मानित भी किया गया.
कानून-व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण का मिला है कड़ा प्रशिक्षण
इन नए जवानों को 36 सप्ताह के प्रशिक्षण के दौरान शारीरिक दक्षता, आधुनिक हथियार संचालन, कानून-व्यवस्था प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, मानवाधिकार और आंतरिक सुरक्षा से जुड़े गंभीर विषयों की बारीक ट्रेनिंग दी गई है. पासिंग आउट परेड संपन्न होने के बाद अब ये सभी जवान मुजफ्फरपुर और मोतिहारी जिलों में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बिहार पुलिस बल में अपनी सेवाएं देंगे. मौके पर एसएसबी और बिहार पुलिस के वरीय अधिकारी, प्रशिक्षक और जवानों के गौरवान्वित परिजन भारी संख्या में मौजूद रहे.
बेतिया के नरकटियागंज से सतीश कुमार पांडेय की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










