नरकटियागंज को मिलेगी निर्बाध बिजली, पावर ग्रिड निर्माण को लेकर मुख्यमंत्री से मिले विधायक

Updated:
विज्ञापन
Bettiah News narkatiaganj-mla-sanjay-pandey-meets-cm-samrat-choudhary-demand-power-grid-construction

नरकटियागंज के औद्योगिक विकास और बिजली संकट के समाधान के लिए मुख्यमंत्री से मिले विधायक.

Bettiah News: नरकटियागंज विधायक संजय कुमार पांडेय ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मिलकर अनुमंडल में 1.32 लाख क्षमता वाले पावर ग्रिड की स्थापना की मांग की है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जल्द काम शुरू करने का निर्देश दिया है. जानिए खबर विस्तार से…

विज्ञापन

Bettiah News: पश्चिमी चम्पारण जिले के नरकटियागंज अनुमंडल में बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पावर ग्रिड स्थापना को लेकर क्षेत्रीय विधायक संजय कुमार पांडेय ने एक बड़ी और सकारात्मक पहल शुरू कर दी है. विधायक ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से विशेष मुलाकात कर नरकटियागंज में एक नए पावर ग्रिड की स्थापना की जोरदार मांग की है. इस संबंध में मुख्यमंत्री को एक आधिकारिक आवेदन भी सौंपा गया है.

1.32 लाख क्षमता वाले पावर स्टेशन के निर्माण की मांग

मुख्यमंत्री को दिए गए पत्र में विधायक संजय कुमार पाण्डेय ने नरकटियागंज के आसपास उपलब्ध सरकारी भूमि पर 1.32 लाख क्षमता वाले पावर स्टेशन (ग्रिड) के निर्माण का आग्रह किया है. उन्होंने बताया कि नरकटियागंज अनुमंडल एक अत्यंत महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्र है. यहाँ चम्पारण का सबसे पुराना और सबसे अधिक क्षमता वाला चीनी मिल, कई बड़े राइस मिल समेत सैकड़ों लघु एवं कुटीर उद्योग संचालित हैं. इंडो-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण इस इलाके का आर्थिक और राजस्व महत्व भी सूबे में काफी अधिक है.

हल्की हवा-बारिश में भी ठप हो जाती है सप्लाई

पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा गया है कि वर्तमान में नरकटियागंज शहरी क्षेत्र में करीब 12 हजार तथा ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 52 हजार बिजली उपभोक्ता हैं. क्षेत्र में फिलहाल चार विद्युत सब-स्टेशन चालू हैं, जबकि एक नया सब-स्टेशन निर्माणाधीन है. बड़ी समस्या यह है कि इन सभी सब-स्टेशनों को बिजली की आपूर्ति रामनगर पावर स्टेशन से होती है, जिसके लिए ट्रांसमिशन लाइन को काफी लंबी दूरी तय करनी पड़ती है.

लंबी दूरी होने के कारण हल्की बारिश होने अथवा तेज हवा चलने पर भी पूरी विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो जाती है. इसका सीधा और बुरा असर स्थानीय उद्योगों के उत्पादन से लेकर आम शहरी और ग्रामीण उपभोक्ताओं की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ता है. बार-बार बिजली गुल होने से व्यवसायी और आम जनता दोनों त्रस्त हैं.

जल्द शुरू होगा ग्रिड स्थापना का कार्य

विधायक ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि नरकटियागंज के औद्योगिक विकास और लाखों उपभोक्ताओं के हित को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र में स्वतंत्र पावर ग्रिड स्थापित करने हेतु संबंधित विभाग को आवश्यक और त्वरित निर्देश दिए जाएं. विधायक श्री पांडेय ने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया है और संबंधित विभाग के उच्चाधिकारियों को इस पर जल्द से जल्द आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. उम्मीद है कि ग्रिड की स्थापना को लेकर धरातल पर कार्य जल्द ही शुरू हो जाएगा.

बेतिया के नरकटियागंज से सतीश कुमार पांडेय की रिपोर्ट

विज्ञापन
Purushottam Kumar

लेखक के बारे में

By Purushottam Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन