बेतिया: मृत रसोइयों के आश्रितों को जल्द मिलेंगे 4-4 लाख रुपये, डीपीओ ने दिए निर्देश
Published by : सुनील कुमार सिंह Updated At : 22 May 2026 7:40 AM
प्रतीकात्मक तस्वीर
Bettiah News: पश्चिम चंपारण के 13 मृत रसोइयों के आश्रितों को जल्द ही चार-चार लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान मिलेगा. पीएम पोषण योजना की डीपीओ कुमकुम पाठक ने प्रधानाध्यापकों को दो माह में दस्तावेज जमा करने के सख्त निर्देश दिए हैं. पढ़ें पूरी खबर…
Bettiah News: पश्चिम चंपारण जिले के सरकारी स्कूलों में मध्याह्न भोजन योजना (पीएम पोषण योजना) के तहत कार्यरत रहे 13 मृत रसोइयों और सहायक रसोइयों के आश्रितों को जल्द ही चार-चार लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान मिलेगा. पीएम पोषण योजना की डीपीओ कुमकुम पाठक ने बताया कि विगत वित्तीय वर्ष में भी जिले के ऐसे ही 22 मृत कर्मियों के परिवारों को इस योजना का लाभ दिया जा चुका है. शेष 13 परिवारों को जल्द भुगतान के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं.
दो महीने के भीतर जमा करना होगा दावा प्रपत्र
डीपीओ द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सेवाकाल के दौरान मृत्यु होने पर आश्रितों को एकमुश्त चार लाख रुपये देने का प्रावधान है. इसके लिए संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक मृत कर्मी की मृत्यु तिथि से दो महीने के भीतर आश्रितों से निर्धारित प्रपत्र और आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करेंगे. इन कागजातों का मूल प्रतियों से मिलान कर सत्यापन किया जाएगा. सत्यापित दस्तावेजों की एक प्रति स्कूल में सुरक्षित रहेगी, जबकि दूसरी प्रति 10 दिनों के भीतर डीपीओ कार्यालय में जमा करानी होगी.
लापरवाही बरतने वाले प्रधानाध्यापक और बीआरपी पर होगी कार्रवाई
डीपीओ ने प्रखंड साधन सेवियों (बीआरपी) को निर्देश दिया है कि वे दस्तावेजों की गंभीरता से जांच कर ही इसे जिला कार्यालय को अग्रसारित करें. समय सीमा और निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं होने पर संबंधित प्रधानाध्यापक या साधन सेवी की जवाबदेही तय की जाएगी. लापरवाही की स्थिति में अनुग्रह अनुदान का दावा अमान्य भी किया जा सकता है.
बेतिया से रवि रंक की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










