बेतिया: एक सप्ताह से अंधेरे में 40 घर, बिजली नहीं मिलने पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

Published by : Aniket Kumar Updated At : 18 May 2026 3:11 PM

विज्ञापन

विरोध करते ग्रामीण

Bettiah News: बेतिया के मैनाटांड प्रखंड में जर्जर बिजली तार जलने से 40 घरों में अंधेरा छाया है. एक सप्ताह से बिजली बंद रहने पर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया. विभाग ने जल्द तार बदलकर आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया है. पढे़ं पूरी खबर…

विज्ञापन

बेतिया के इनरवा से अमित सागर की रिपोर्ट

Bettiah News: बेतिया के मैनाटांड प्रखंड अंतर्गत भंगहा पंचायत के घुमाटांड वार्ड संख्या-4 में पिछले एक सप्ताह से बिजली आपूर्ति ठप रहने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है. जर्जर बिजली तार जलकर गिर जाने के बाद करीब 40 घरों में अंधेरा पसरा हुआ है. लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की.

वर्षों से जोड़-तोड़ कर हो रही थी बिजली आपूर्ति

ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में पिछले करीब दो वर्षों से अस्थायी व्यवस्था के सहारे बिजली सप्लाई दी जा रही थी. तार काफी पुराने और जर्जर हो चुके थे, जिसके कारण अक्सर लो-वोल्टेज, स्पार्किंग और बिजली बाधित होने की समस्या बनी रहती थी. लोगों ने कई बार विभागीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया.

तार जलने के बाद बढ़ी परेशानी

स्थानीय लोगों के मुताबिक कुछ दिन पहले जर्जर तार जलकर गिर गया, जिसके बाद पूरे वार्ड में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद हो गई. गर्मी के मौसम में बिजली नहीं रहने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. बच्चों की पढ़ाई से लेकर पेयजल तक की समस्या गहरा गई है.

बिजली विभाग के खिलाफ ग्रामीणों का प्रदर्शन

समस्या से नाराज ग्रामीण सड़क पर उतर आए और बिजली विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शन में भोला चौधरी, कन्हैया साह, राजदेव महतो, श्रीकांत साह समेत कई ग्रामीण शामिल रहे. लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली बहाल नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा.

विभाग ने जल्द समाधान का दिया भरोसा

मामले को लेकर कनीय विद्युत अभियंता देव ऋषि कुमार ने बताया कि जर्जर तार बदलने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी. विभाग की ओर से आवश्यक तैयारी की जा रही है और जल्द ही इलाके में बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी.

विज्ञापन
Aniket Kumar

लेखक के बारे में

By Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन