बेतिया: लौरिया में टोटो चालक को नशा सुंघाकर बड़ी लूट, पीड़ित अस्पताल में भर्ती, जांच शुरू

Updated:
विज्ञापन
Bettiah News lauriya toto driver drugged with cigarette robbed of vehicle mobile cash

टोटो चालक (फाइल फोटो)

Bettiah News: नरकटियागंज से लौरिया रिजर्व चलने के बहाने एक शातिर बदमाश ने टोटो चालक को नशीली सिगरेट पिलाकर बेहोश कर दिया. चालक को 24 घंटे बाद होश आया, जबकि बदमाश टोटो, मोबाइल और नकदी लूटकर फरार हो गया. पढे़ं पूरी खबर…

विज्ञापन

बेतिया से गणेश वर्मा की रिपोर्ट

Bettiah News: लौरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार की शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक व्यक्ति लड़खड़ाते हुए इलाज कराने पहुंचा. बाद में खुलासा हुआ कि अज्ञात बदमाश ने सिगरेट में नशीला पदार्थ मिलाकर टोटो चालक को बेहोश कर दिया और उसका टोटो, मोबाइल व नकदी लूटकर फरार हो गया. पीड़ित की पहचान शिकारपुर थाना क्षेत्र के प्रकाश नगर निवासी 55 वर्षीय राजकुमार सोनी के रूप में हुई है, जो नरकटियागंज निवासी पप्पू गुप्ता का टोटो भाड़े पर चलाते हैं.

रिजर्व चलने के बहाने बैठा और दी नशीली सिगरेट

होश में आने के बाद राजकुमार ने बताया कि वह नरकटियागंज के दिउलिया चौक पर सवारी का इंतजार कर रहे थे. इसी दौरान एक व्यक्ति आया और लौरिया रिजर्व चलने की बात कहकर टोटो में बैठ गया. कुछ दूर जाने के बाद पीछे बैठे व्यक्ति ने सिगरेट जलाकर उन्हें पीने के लिए दी. सिगरेट पीने के कुछ ही देर बाद उन्हें चक्कर आने लगा. आरोपी ने कहा कि “तुमसे टोटो नहीं चल रहा है, मैं चलाता हूं” और खुद हैंडल संभाल लिया. इसके बाद चालक पूरी तरह बेहोश हो गया.

जांच में जुटी लौरिया पुलिस

शनिवार से लापता चालक जब रविवार की शाम होश में आया, तो उसने खुद को लावारिस हालत में पाया. वह 24 घंटे तक बेहोशी की हालत में भटकता रहा. किसी तरह लड़खड़ाते हुए वह अस्पताल पहुंचा, जहां डॉ. रामु कुमार ने उनका प्राथमिक उपचार किया. सूचना मिलते ही लौरिया पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस संभावित मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.

विज्ञापन
अनिकेत कुमार

लेखक के बारे में

By अनिकेत कुमार

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन