Bettiah: शिव चर्चा के दौरान करंट लगने से मौत, बिजली का तार जोड़ने गया था युवक

बिजली का पोल (AI जेनरेटेड)
Bettiah News: लौरिया के कटैया गांव में शिव चर्चा कार्यक्रम के दौरान बिजली का तार जोड़ने गए 40 वर्षीय गुड्डू साह की करंट लगने से मौत हो गई. इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा है और पूरे गांव में शोक की लहर है. पढे़ं पूरी खबर…
Bettiah News: पश्चिम चंपारण जिले के लौरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत कटैया पंचायत में सोमवार को एक हृदयविदारक घटना घटी. कटैया पूर्व टोला गांव में आयोजित शिव चर्चा कार्यक्रम के दौरान बिजली का करंट लगने से एक 40 वर्षीय युवक की जान चली गई. इस हादसे के बाद हनुमान मंदिर परिसर में चल रहे धार्मिक आयोजन की खुशियां मातम में बदल गईं और पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया.
बिजली कनेक्शन जोड़ने के दौरान हुआ हादसा
मृतक की पहचान कटैया गांव के वार्ड संख्या छह निवासी विश्वनाथ साह के पुत्र गुड्डू साह के रूप में हुई है. मिली जानकारी के अनुसार, गांव के हनुमान मंदिर में शिव चर्चा का कार्यक्रम चल रहा था. इसी दौरान गुड्डू साह बिजली का तार जोड़ने के लिए गए थे. जैसे ही उन्होंने तार को छुआ, वे नंगे तार में प्रवाहित हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गए. करंट इतना जोरदार था कि वे मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़े.
अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गई सांसें
घटना के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय ग्रामीण और परिजन आनन-फानन में गुड्डू साह को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लौरिया पहुंचे. वहां मौजूद चिकित्सकों ने गहन जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. डॉक्टर के मौत की पुष्टि करते ही परिजनों के चीत्कार से अस्पताल परिसर गूंज उठा.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मृतक गुड्डू साह अपने पीछे दो पुत्र और पत्नी समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं. घटना की खबर फैलते ही मुखिया सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मृतक के घर पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया. गांव के लोगों का कहना है कि गुड्डू बेहद मिलनसार व्यक्ति थे और उनकी अचानक मौत से पूरा समाज स्तब्ध है.
लौरिया से कौशिक कुमार मिश्रा की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aniket Kumar
अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










