बेतिया: सशक्त स्थायी समिति का चुनाव अब 26 मई से, नगर विकास विभाग ने जारी किया पत्र

नगर विकास विभाग, पटना
Bettiah News: बिहार के नगर निकायों में सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों का लंबित चुनाव अब 26 मई से 31 मई 2026 के बीच होगा. नगर विकास एवं आवास विभाग ने सभी जिलाधिकारियों को इस संबंध में सख्त निर्देश जारी किए हैं. पढ़ें पूरी खबर…
Bettiah News: बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग ने राज्य के सभी नगर निकायों में सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों के चुनाव को लेकर नया निर्देश जारी किया है. विभाग के अपर सचिव मनोज कुमार द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि पूर्व में स्थगित की गई चुनाव प्रक्रिया को अब 26 मई 2026 से 31 मई 2026 के बीच हर हाल में पूरा कराया जाएगा.
अपरिहार्य कारणों से स्थगित हुई थी पूर्व में तय प्रक्रिया
विभागीय पत्रांक 1908, दिनांक 19 मई 2026 के अनुसार, पूर्व की अधिसूचना संख्या 1187 (दिनांक 2 अप्रैल 2026) के आलोक में यह चुनाव 15 अप्रैल से 25 अप्रैल 2026 तक कराने का निर्देश दिया गया था. बाद में कुछ अपरिहार्य कारणों से 15 अप्रैल 2026 को जारी पत्रांक 1297 के माध्यम से इस पूरी चुनाव प्रक्रिया को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया था, जिसे अब दोबारा शुरू किया जा रहा है.
जहां चुनाव हो चुके हैं, वहां पुरानी समिति ही रहेगी प्रभावी
जारी पत्र में यह पूरी तरह स्पष्ट किया गया है कि जिन नगर निकायों में स्थगन आदेश से पहले यानी 15 अप्रैल तक चुनाव प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी, वहां विधिवत निर्वाचित सशक्त स्थायी समिति ही कार्य करती रहेगी. वहीं जिन निकायों में चुनाव लंबित रह गया था, वहां अब नई तय तिथि के अनुसार पारदर्शिता के साथ चुनाव संपन्न कराया जाएगा. विभाग ने सभी जिला पदाधिकारियों को अपने-अपने जिलों के नगर निकायों में निर्धारित समय सीमा के भीतर चुनाव प्रक्रिया पूरी कराने का सख्त निर्देश दिया है.
बेतिया से अवध किशोर तिवारी की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










