बगहा: 4 साल की मासूम के साथ घिनौनी हरकत, पॉक्सो के तहत कार्रवाई

एसडीपीओ के साथ पुलिस टीम व गिरफ्तार आरोपित।
Bagaha News: बगहा के गोबर्धना थाना क्षेत्र में 4 वर्षीय मासूम बच्ची से दुष्कर्म के आरोपित 19 वर्षीय रूपेश कुमार को पुलिस ने किया गिरफ्तार. एसपी रामानंद कुमार कौशल और रामनगर एसडीपीओ रागनी कुमारी की देखरेख में पॉक्सो और बीएनएस के तहत केस दर्ज. जानिए खबर विस्तार से…
बगहा से चंद्रप्रकाश आर्य की रिपोर्ट
Bagaha News: बगहा पुलिस जिला के गोबर्धना थाना क्षेत्र में एक चार वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का बेहद संवेदनशील और शर्मनाक मामला सामने आया है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित युवक को धर दबोचा है. इस जघन्य मामले में पॉक्सो (POCSO) अधिनियम एवं भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.
एसपी रामानंद कुमार कौशल ने दी जानकारी
बगहा के पुलिस अधीक्षक (SP) रामानंद कुमार कौशल ने मामले की आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि गोबर्धना थाना क्षेत्र में एक चार वर्षीय अबोध बच्ची के साथ दुष्कर्म किए जाने की अत्यंत गंभीर सूचना पुलिस को प्राप्त हुई थी. पीड़िता के परिजनों द्वारा दी गई लिखित शिकायत के आधार पर गोबर्धना थाना में बीते 6 जून 2026 को कांड संख्या-39/26 दर्ज कर मामले की सघन जांच शुरू की गई.
एसपी ने बताया कि घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए रामनगर की एसडीपीओ (SDPO) रागनी कुमारी के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया. इस टीम ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की तथा पीड़ित पक्ष से मुलाकात कर साक्ष्य जुटाए.
पीड़िता बेतिया अस्पताल में भर्ती
पुलिस के अनुसार, पीड़ित बच्ची को बेहतर इलाज और देखरेख के लिए वर्तमान में जीएमसीएच (GMCH) बेतिया में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है. बच्ची का चिकित्सीय परीक्षण (मेडिकल टेस्ट) सहित अन्य सभी कानूनी प्रक्रियाएं तेजी से पूरी की जा रही हैं.
न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी
इधर, गिरफ्तार आरोपित रूपेश कुमार से महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में पूछताछ की गई है, जिसके बाद उसे कोर्ट में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की विधिक कार्रवाई की जा रही है. एसपी रामानंद कुमार कौशल ने कहा कि मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस सभी बिंदुओं की गहन जांच कर रही है. पीड़ित परिवार को त्वरित न्याय दिलाने और दोषी के विरुद्ध अदालत से सजा सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस प्रतिबद्ध है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










