Bagaha News: जमुनिया गांव के तालाब में दिखा मगरमच्छ, वन विभाग ने रेस्क्यू कर गंडक नदी में छोड़ा

Published at :11 May 2026 4:06 PM (IST)
विज्ञापन
Bagaha News:जमुनिया गांव के तालाब में दिखा मगरमच्छ, वन विभाग ने रेस्क्यू कर गंडक नदी में छोड़ा

तालाब में दिखा मगरमच्छ

Bagaha News:बगहा के जमुनिया गांव में एक तालाब से वन विभाग ने खतरनाक मगरमच्छ का रेस्क्यू किया है. पिछले कई दिनों से मगरमच्छ के कारण मछुआरों और ग्रामीणों में दहशत थी. पकड़े गए मगरमच्छ को अब सुरक्षित गंडक नदी में छोड़ा जाएगा...

विज्ञापन

Bagaha News:बगहा अनुमंडल के भितहा प्रखंड अंतर्गत जमुनिया गांव में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक निजी तालाब में विशालकाय मगरमच्छ दिखाई दिया. स्थानीय निवासी ओमप्रकाश बिन के तालाब में मगरमच्छ होने की सूचना मिलते ही पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया. ग्रामीणों की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया.

मछुआरों और ग्रामीणों में था डर का माहौल

ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई दिनों से तालाब में मछली पकड़ने के दौरान मगरमच्छ नजर आ रहा था. कई बार वह नाव और जाल के इतने करीब पहुंच गया कि मछुआरों की जान पर बन आई थी. डर के कारण लोगों ने तालाब के किनारे जाना और मवेशियों को पानी पिलाना भी बंद कर दिया था. सोमवार को जब मगरमच्छ दोबारा धूप सेंकने बाहर निकला, तब इसकी सूचना वन विभाग को दी गई.

सावधानी से चलाया गया रेस्क्यू ऑपरेशन

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम जाल और रस्सियों के साथ मौके पर पहुँची. काफी सावधानी बरतते हुए टीम ने मगरमच्छ को चारों ओर से घेरा और उसे सुरक्षित तरीके से काबू में कर लिया. रेस्क्यू अभियान के दौरान भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा रही. वनकर्मी लालसा यादव ने बताया कि पकड़े गए मगरमच्छ की सेहत ठीक है और उसे सुरक्षित तरीके से उसके प्राकृतिक आवास यानी गंडक नदी में छोड़ दिया जाएगा.

समय पर कार्रवाई से ग्रामीणों ने ली राहत

वन विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से जमुनिया गांव के लोगों ने राहत की सांस ली है. ग्रामीणों ने बताया कि गंडक नदी का जलस्तर घटने-बढ़ने के कारण अक्सर जलीय जीव रिहायशी इलाकों के पोखरों में आ जाते हैं. वन विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और ऐसे जीव दिखने पर तुरंत सूचित करने की अपील की है.

बगहा से चंद्र प्रकाश आर्य की रिपोर्ट

विज्ञापन
सुनील कुमार सिंह

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन