बगहा: त्योहार से पहले सुरक्षा सख्त, पुलिस और एसएसबी ने सड़कों पर किया फ्लैग मार्च

फ्लैग मार्च करते एसएसबी और पुलिस के जवान
Bagaha News: पुलिस जिला में बकरीद पर्व को लेकर वाल्मीकिनगर पुलिस और एसएसबी के जवानों ने संयुक्त फ्लैग मार्च निकाला. चौतरवा में भी पुलिस ने मार्च कर लोगों से शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील की है. जानिए पूरी खबर…
Bagaha News: पुलिस जिला में आगामी बकरीद (ईद-उल-अजहा) पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर बुधवार की शाम पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया. क्षेत्र में सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए वाल्मीकिनगर पुलिस और एसएसबी (सशस्त्र सीमा बल) के जवानों ने संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला.
वाल्मीकिनगर में गोल चौक से विजयपुर तक जवानों की धमक, सुरक्षा का भरोसा
फ्लैग मार्च का नेतृत्व वाल्मीकिनगर थाना के इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने किया. यह मार्च थाना परिसर से शुरू होकर गोल चौक, मुख्य सड़क, टंकी बाजार, हवाई अड्डा चौक होते हुए विजयपुर तक गुजरा. मार्च के दौरान पुलिस और एसएसबी के जवानों ने स्थानीय लोगों को सुरक्षा का पूरा भरोसा दिलाया और किसी भी प्रकार की अफवाह से दूर रहने की सलाह दी. थानाध्यक्ष ने स्पष्ट चेतावनी दी कि शांति भंग करने या कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस दौरान एसआई राहुल सिंह, मुन्ना कुमार सिंह, सरिता कुमारी सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा.
चौतरवा में भी प्रभारी थानाध्यक्ष के नेतृत्व में सड़कों पर उतरी पुलिस
दूसरी ओर, चौतरवा थाना क्षेत्र में भी प्रभारी थानाध्यक्ष रमेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल के जवानों ने फ्लैग मार्च निकाला. इस मार्च में एसआई देवशरण महतो, शंभू साह, एएसआई गौतम कुमार, अजीत कुमार सिंह सहित कई महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मी शामिल रहे. पूरे पुलिस जिला में विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस पदाधिकारियों और दंडाधिकारियों की तैनाती कर दी गई है.
बगहा से इजराइल अंसारी की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










