Bagaha News: अवैध अस्पताल पर प्रशासन का छापा, रेस्क्यू किए गए पांच मरीज

प्रतीकात्मक तस्वीर
Bagha News : बगहा के एक निजी हॉस्पिटल पर प्रशासन ने छापेमारी कर पांच मरीजों को रेस्क्यू किया है. बिना डॉक्टर और मानक के चल रहे इस अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान टीम पहुंची, जहां भारी अनियमितताएं और अवैध संचालन का मामला सामने आया है. जानिए खबर विस्तार से…
Bagaha News : पटना मुख्य सचिव एवं पश्चिम चंपारण के जिलाधिकारी के निर्देश पर अवैध अस्पतालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार को बगहा में बड़ी कार्रवाई हुई. शहर के गांधीनगर चौक स्थित एक निजी पर अनुमंडल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की. बगहा-2 के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. के.बी.एन. सिंह एवं बगहा-1 के बीडीओ प्रदीप कुमार के नेतृत्व में हुई इस जांच में अस्पताल के भीतर भारी अनियमितताएं उजागर हुई हैं.
पांच मरीज रेस्क्यू
जांच टीम जब अस्पताल पहुंची तो मौके पर न तो कोई योग्य डॉक्टर मौजूद मिला और न ही प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ. प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वहां भर्ती पांच मरीजों को रेस्क्यू किया. हालांकि, इन मरीजों ने सरकारी अस्पताल जाने से साफ इनकार कर दिया, जिसके बाद फिलहाल वहीं उनका इलाज जारी है. अधिकारियों के अनुसार सभी मरीजों की स्थिति अभी नियंत्रण में बनी हुई है. अस्पताल में इलाज के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का भी घोर अभाव पाया गया.
लेटर पैड पर दूसरा नाम
छापेमारी के दौरान अस्पताल से बरामद लेटर पैड पर डॉ. विजय कुमार, डॉ. बालेश्वर कुमार शर्मा और डॉ. शैलेंद्र कुमार जायसवाल के नाम अंकित पाए गए हैं. जबकि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि अस्पताल का संचालन नीरज तिवारी नामक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से किया जा रहा था. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. के.बी.एन. सिंह ने बताया कि अस्पताल बिना किसी वैध मान्यता और मानकों के चल रहा था, जो सीधे तौर पर मरीजों की जान के साथ खिलवाड़ है.
फिलहाल सील नहीं हुआ अस्पताल
हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी अनियमितताओं के बावजूद अस्पताल को अभी सील नहीं किया गया है. अधिकारी फिलहाल उच्च अधिकारियों के निर्देश का हवाला देते हुए विस्तृत बयान देने से बच रहे हैं. इस अभियान में शहरी पीएचसी प्रभारी डॉ. के.बी.एन. सिंह, बीडीओ प्रदीप कुमार, पुलिस पदाधिकारी मो. इतेदार और नगर थाना की पुलिस शामिल रही. प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आम लोगों की सुरक्षा के लिए अवैध चिकित्सा संस्थानों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.
बगहा से इजराइल अंसारी की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










