बगहा: कड़े पहरे के बीच शांतिपूर्ण संपन्न हुई बकरीद की नमाज, पुलिस ने की गश्ती
Published by : सुनील कुमार सिंह Updated At : 28 May 2026 1:08 PM
बकरीद के मौके पर गश्त लगाती पुलिस, एसपी ने सुरक्षा इंतजामों का लिया जायजा
Bagaha News: बकरीद को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए एसपी के निर्देश पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे. प्रमुख मस्जिदों पर पुलिस बल तैनात रहा और एसडीपीओ निहार भूषण व रागिनी कुमारी ने विधि व्यवस्था का जायजा लिया. जानिए पूरी खबर…
बगहा से चंद्र प्रकाश आर्य की रिपोर्ट
Bagaha News: ईद-उल-अजहा (बकरीद) के पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर बगहा पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया. पुलिस अधीक्षक रामानंद कुमार कौशल के निर्देश पर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए. संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ लगातार गश्ती अभियान चलाया गया ताकि विधि व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त बनी रहे.
प्रमुख मस्जिदों और ईदगाहों पर मुस्तैद रहे जवान
प्रशासन की ओर से विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई थी. बगहा नगर के मस्तान टोला ईदगाह मस्जिद, बस पड़ाव स्थित जामे अनवार मस्जिद, दीनदयाल नगर बड़ी मस्जिद, बगहा दो के डुमवलिया मस्जिद और पटखौली-मलकौली मस्जिद समेत तमाम प्रमुख स्थलों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए. इन जगहों पर पुलिस बल मुस्तैदी से डटा रहा. नगर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार और पटखौली थानाध्यक्ष उत्पल कांत लगातार अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा स्थिति का जायजा लेते रहे.
एसडीपीओ ने किया निरीक्षण, अफवाहों से बचने की अपील
एसडीपीओ बगहा निहार भूषण और रामनगर एसडीपीओ रागिनी कुमारी ने भी विभिन्न मस्जिदों और संवेदनशील स्थलों का औचक निरीक्षण किया. उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को मुस्तैद रहने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. पुलिस अधिकारियों ने आम जनता से त्योहार को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की. साथ ही चेतावनी दी कि लोग अफवाहों पर बिल्कुल ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को सौंपें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










