बरौनी जंक्शन पर मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक ने रोकी ट्रेन, आधे घंटे तक परिचालन रहा बाधित

Updated:
विज्ञापन
रेलवे ट्रेक पर बैठा युवक एवं युवक को समझाते लोग  | Prabhat Khabar Network

रेलवे ट्रेक पर बैठा युवक एवं युवक को समझाते लोग | Prabhat Khabar Network

बरौनी जंक्शन के पास एक युवक के रेलवे ट्रैक पर बैठने से ट्रेन परिचालन लगभग 40 मिनट तक बाधित रहा. इस दौरान यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. रेलकर्मियों ने समझा बुझाकर युवक को ट्रैक से हटाया.

विज्ञापन

Begusarai News : बरौनी जंक्शन के पश्चिम स्थित 07-बी गुमटी के समीप शुक्रवार की सुबह करीब आठ बजे एक युवक रेलवे ट्रैक पर बैठ गया, जिससे लगभग आधे घंटे तक ट्रेन परिचालन बाधित रहा. युवक को सुरक्षित हटाने के प्रयास में एक पैसेंजर ट्रेन ट्रैक पर खड़ी रही. इसके कारण ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा, वहीं ड्यूटी पर जाने वाले कई लोग भी विलंब से पहुंचे.

40 मिनट तक बंद रही रेलवे गुमटी

युवक के ट्रैक पर बैठे रहने के कारण 07-बी रेलवे गुमटी करीब 40 मिनट से अधिक समय तक बंद रही. इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और आम राहगीरों को भी काफी परेशानी हुई. बाद में सिग्नल कार्यालय का एक रेलकर्मी मौके पर पहुंचा और समझाकर युवक को ट्रैक से हटाया, जिसके बाद ट्रेन परिचालन सामान्य हो सका.

इंजन के आगे भी लटकने लगा युवक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक बीच-बीच में ट्रैक से उठकर इंजन के आगे लटकने का प्रयास करता था और फिर दोबारा ट्रैक पर बैठ जाता था. मौके पर मौजूद लोग उसे हटाने के बजाय वीडियो बनाने और टिप्पणियां करने में अधिक व्यस्त दिखाई दिए.

पुलिस पर मारपीट का लगाया आरोप

पूछताछ के दौरान युवक ने अपना नाम इरफान शाहनवाज आलम बताया और खुद को अररिया जिले के मिर्जापुर कोठी मेहचंदा का निवासी बताया. उसने दावा किया कि मेट्रो स्टेशन होंडा सिटी सेंटर के पास पुलिस ने उसके साथ मारपीट की है तथा कुछ लोग उसका पीछा कर रहे हैं. हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी.

मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया युवक

जीआरपी इंस्पेक्टर मनीष कुमार ने बताया कि मानसिक रूप से विक्षिप्त एक युवक के रेलवे ट्रैक पर बैठ जाने के कारण कुछ देर के लिए ट्रेन परिचालन प्रभावित हुआ था. युवक को ट्रैक से हटाने के बाद परिचालन सामान्य करा दिया गया.


विज्ञापन
Niraj Kumar

लेखक के बारे में

By Niraj Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन