बेगूसराय: 517 लीटर विदेशी शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, चार पहिया वाहन जब्त

बेगूसराय पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार पर बड़ी चोट करते हुए 517 लीटर विदेशी शराब के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है. शराब से लदे चार पहिया वाहन को भी जब्त कर लिया गया है. पुलिस की इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है.
Begusarai News : बेगूसराय जिले के खोदावंदपुर थाना पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 517 लीटर विदेशी शराब के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है. इस दौरान शराब की खेप ढोने में प्रयुक्त एक चार पहिया वाहन भी जब्त किया गया. पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है.
गुप्त सूचना पर देर रात की छापेमारी
थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि बरियारपुर पूर्वी गांव में भारी मात्रा में विदेशी शराब की खेप पहुंचाई गई है. सूचना के सत्यापन के बाद गुरुवार की देर रात पुलिस टीम ने छापेमारी की. तलाशी के दौरान एक चार पहिया वाहन से 517 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई. मौके पर मौजूद दौलतपुर पंचायत के चलकी गांव निवासी रामजतन महतो के पुत्र अनमोल कुमार तथा बरियारपुर पूर्वी गांव निवासी जितेंद्र महतो के पुत्र प्रिंस कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया.
वाहन जब्त, उत्पाद अधिनियम के तहत दर्ज हुआ केस
पुलिस ने शराब से लदे वाहन को जब्त कर थाना लाया. थानाध्यक्ष ने बताया कि जब्त शराब और वाहन को विधिवत कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है. दोनों आरोपितों के विरुद्ध बिहार उत्पाद एवं मद्यनिषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.
शराब नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष ने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस अवैध शराब नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है. दोनों गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए बेगूसराय न्यायालय के माध्यम से जेल भेज दिया गया है. उन्होंने कहा कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इस धंधे में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










