बेगूसराय: बच्चों को स्कूल छोड़कर लौट रहे युवक की ट्रक की चपेट में आने से मौत, हादसे के बाद NH-31 जाम

युवक का फाइल फोटो दुर्घटनाग्रस्त बाइक | Prabhat Khabar Network
बेगूसराय में एक हृदय विदारक सड़क हादसे में बच्चों को स्कूल छोड़कर लौट रहे एक युवक की ट्रक की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने NH-31 को जाम कर दिया.
Begusarai News: बेगूसराय जिले के बलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-31 पर पोखरिया ढाला के समीप सोमवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान बड़ी बलिया बाजार निवासी धर्मपाल गुप्ता के 44 वर्षीय पुत्र अशोक गुप्ता के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई.
बच्चों को स्कूल छोड़कर लौटते समय हुआ हादसा
घटना के संबंध में पूर्व मुखिया विनोद गुप्ता ने बताया कि अशोक गुप्ता अपने बच्चों को स्कूल छोड़कर घर लौट रहे थे. इसी दौरान एनएच-31 पर तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई. मृतक अपने पीछे दो छोटे बच्चों (अंकित कुमार व पूजा कुमारी) को छोड़ गए हैं.
आक्रोशितों ने किया सड़क जाम, पुलिस ने जब्त किया ट्रक
हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और चालक पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर एनएच-31 को कुछ देर के लिए जाम कर दिया. सूचना मिलते ही बलिया थाना पुलिस दल-बल के साथ पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है. वहीं, हादसे में शामिल ट्रक को लाखों थाना क्षेत्र स्थित टोल प्लाजा के समीप से जब्त कर लिया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










