बेगूसराय: न्यू कार्बन फैक्ट्री में कार्य के दौरान मजदूर की मौत, परिजनों ने प्रबंधन पर लापरवाही का लगाया आरोप

Author Niraj Kumar|Edited by Vikash Jha
Updated:
विज्ञापन
सदर अस्पताल बेगूसराय में आक्रोशित मृतक के परिजन | Prabhat Khabar Network

सदर अस्पताल बेगूसराय में आक्रोशित मृतक के परिजन | Prabhat Khabar Network

बेगूसराय की न्यू बरौनी कार्बन फैक्ट्री में एक मजदूर की काम के दौरान दर्दनाक मौत हो गई. घटना से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया.

विज्ञापन

Begusarai News: बेगूसारय जिले के गढ़हरा थाना क्षेत्र अंतर्गत न्यू बरौनी कार्बन (ठकुरीचक) फैक्ट्री में काम के दौरान सोमवार की देर रात एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान बरौनी थाना क्षेत्र निवासी 58 वर्षीय मो. शमसुल के रूप में हुई है, जो पिछले करीब 35 वर्षों से इस फैक्ट्री में मजदूरी कर रहे थे. घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों में फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त है.

ट्रैक्टर ट्रॉली के नीचे दबने से हुई मौत, सर बुरी तरह कुचला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 11 बजे मो. शमसुल फैक्ट्री कैंपस में RPC स्टॉक के पास अनलोडिंग का कार्य कर रहे थे. इसी दौरान ट्रैक्टर की ट्रॉली (डाला) पलटने से वे उसके नीचे दब गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई. घटना में उनका सिर बुरी तरह कुचल गया था. सूचना मिलते ही गढ़हरा थाना पुलिस ने देर रात ही शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेजा.

परिजनों का हंगामा, प्रबंधन और पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

देर रात शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने पर मृतक के भाई मो. मंजूर और अन्य परिजनों ने गहरा ऐतराज जताया. परिजनों ने सदर अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और पोस्टमार्टम रोकने की कोशिश की. परिजनों का आरोप है कि फैक्ट्री प्रबंधन और पुलिस मामले को दबाने का प्रयास कर रही है तथा घटना का स्पष्ट कारण नहीं बता रही है. उन्हें पहले घायल होने की सूचना देकर अस्पताल बुलाया गया, लेकिन वहां पहुंचने पर शव मिला.

फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश और प्रदूषण की समस्या

घटना को लेकर स्थानीय लोगों और मजदूरों में भारी रोष है. ग्रामीणों का कहना है कि प्रबंधन की लापरवाही के कारण पूर्व में भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं. इसके अलावा, स्थानीय लोगों ने यह भी शिकायत की कि न्यू कार्बन फैक्ट्री से रोजगार कम और प्रदूषण ज्यादा मिल रहा है, जिससे इलाके में बीमारियां बढ़ रही हैं और कृषि योग्य भूमि प्रभावित हो रही है.

गढ़हरा थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार राम ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है. फिलहाल पीड़ित परिवार की ओर से लिखित आवेदन नहीं मिला है; आवेदन प्राप्त होते ही नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है.


विज्ञापन
Niraj Kumar

लेखक के बारे में

By Niraj Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन