बेगूसराय: बलिया में सड़क किनारे मिला 19 वर्षीय युवक का शव, हत्या का आरोप; पुलिस बोली- प्रथम दृष्टया सड़क हादसा

Author Krishna|Edited by Vikash Jha
Updated:
विज्ञापन
घटना की जांच करती पुलिस | Prabhat Khabar Network

घटना की जांच करती पुलिस | Prabhat Khabar Network

बेगूसराय के बलिया में 19 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई. परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस प्रथम दृष्टया सड़क हादसे की आशंका जता रही है. मामले की जांच जारी है.

विज्ञापन

Begusarai News: बेगूसराय जिले के बलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बालाचक गांव के पास सोमवार की देर रात सड़क किनारे एक 19 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही बलिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया.

युवक की हुई पहचान

मृतक की पहचान बालाचक गांव निवासी शिव कुमार पासवान के 19 वर्षीय पुत्र बादल कुमार के रूप में हुई है. घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. मृतक तीन भाइयों में सबसे बड़ा था, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

पिता ने लगाया हत्या का आरोप

घटना के बाद मृतक के पिता शिवकुमार पासवान ने बलिया थाना में आवेदन देकर अपने पुत्र की हत्या का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि बादल के सिर पर धारदार हथियार से हमला कर उसे मौत के घाट उतारा गया है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है.

पुरानी रंजिश में वारदात की आशंका

पिता ने बताया कि सोमवार की शाम उनका पुत्र पड़ोस के युवक को बलिया बाजार छोड़ने गया था. उन्होंने एक पुरानी रंजिश का जिक्र करते हुए बताया कि कुछ दिन पहले एक युवती की तस्वीर मोबाइल पर शेयर करने को लेकर विवाद हुआ था. हालांकि पंचायत में समझौता हो गया था, लेकिन वहां बादल को जान से मारने की धमकी दी गई थी.

दुर्घटना और हत्या दोनों बिंदुओं पर जांच

मामले पर बलिया के प्रभारी थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है. एफएसएल टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस का कहना है कि परिजनों के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर हर पहलू की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.


विज्ञापन
Krishna

लेखक के बारे में

By Krishna

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन