श्रावणी मेला की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा, अतिक्रण हटाने को दिए निर्देश
Published by : Rajeev Kumar Updated At : 31 May 2026 6:11 PM
निरीक्षण करते जिलाधिकारी.
Begusarai News : बाबा हरिगिरिधाम का डीएम ने निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर दिया. इस दौरान संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश दिए. कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाशत नहीं की जाएगी.
Begusarai News : (शशिकांत प्रसाद वर्मा की रिपोर्ट) आगामी श्रावणी मेला की तैयारियों को लेकर रविवार को जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने बाबा हरिगिरिधाम का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने मेला व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा तथा आधारभूत संरचनाओं से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए.
निरीक्षण के दौरान डीएम ने मंदिर परिसर के बीच स्थित बिजली के खंभे को हटाने तथा सभी जर्जर एवं कमजोर विद्युत तारों को तत्काल दुरुस्त करने का निर्देश बिजली विभाग को दिया. उन्होंने मेला अवधि में श्रद्धालुओं के सुरक्षित प्रवेश एवं निकास की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया.
पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की होगी तैनाती
डीएम ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, सिविल डिफेंस कर्मियों एवं वॉलंटियर्स की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए. साथ ही उन्होंने मंदिर परिसर में प्रस्तावित चारदीवारी एवं मुख्य गेट निर्माण में आ रही बाधाओं की पहचान कर उन्हें दूर करने का निर्देश अंचलाधिकारी को दिया.
उन्होंने स्पष्ट कहा कि मंदिर की भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसे हर हाल में कब्जामुक्त कराया जाएगा. इसके लिए डीएसपी को आवश्यक पुलिस बल उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया गया.
मंदिर के पास स्थित कुएं को सुगम बनाने का निर्देश
बदिया की ओर बन रहे नवनिर्मित गेट का निरीक्षण करते हुए डीएम ने उसकी चौड़ाई बढ़ाने के लिए पिलर तोड़कर पुनर्निर्माण कराने का निर्देश संबंधित विभाग के जेई को दिया. वहीं, मंदिर के समीप स्थित कुएं से जलाभिषेक की व्यवस्था को श्रद्धालुओं के लिए सुगम बनाने का निर्देश धाम समिति को दिया गया.
शिवगंगा के पास लगे पुराने चापाकल को हटाने तथा टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स के पास जलापूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने का निर्देश पीएचईडी विभाग को दिया गया. इसके अलावा मंदिर परिसर स्थित कार्यालय भवन के रंग-रोगन एवं जर्जर सड़कों की मरम्मत कराने का निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिया गया.
निरीक्षण के दौरान ये रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान डीडीसी आकाश चौधरी, धाम समिति के अध्यक्ष सह बखरी एसडीएम सन्नी कुमार सौरभ, डीएसपी कुंदन कुमार, सीओ राजन कुमार, पीएचसी प्रभारी डॉ. नेहाल फारूक, स्वास्थ्य प्रबंधक मनीष कुमार, पीएचईडी एसडीओ कुमारी शिम्पी, जेई निरंजन कुमार, थानाध्यक्ष राहुल कुमार सहित कई अधिकारी एवं समिति सदस्य उपस्थित थे.
नवनिर्वाचित समिति को सौंपा गया प्रभार
बाबा हरिगिरिधाम गढ़पुरा की नवनियुक्त समिति को पुराने समिति द्वारा विधिवत प्रभार सौंपा गया. इस अवसर पर पूर्व सचिव लक्ष्मी नारायण मिश्र ने देवी प्रतिमा से जुड़े तीन नाथ, टीका, एक त्रिशूल, लगभग डेढ़ किलोग्राम चांदी के जेवरात तथा 503 किलो की दान में प्राप्त घंटी नवनियुक्त सचिव विकास कुमार को सौंपे. इस अवसर पर एसडीओ सह समिति अध्यक्ष सन्नी कुमार सौरभ, बीडीओ विकास कुमार, पूर्व कोषाध्यक्ष डॉ. दिलीप ठाकुर, कन्हैया कुमार सहित कई लोग उपस्थित थे.
Also Read : बेगूसराय के राष्ट्रीय राजमार्ग-28 के मोहनिया ढाला से नारेपुर बाजार तक जाने वाली सड़क बदहाल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










