बरौनी सीएचसी में 'साक्षी पोर्टल' पर स्वास्थ्य कर्मियों का प्रशिक्षण, ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा डिजिटल बल

कार्यशाला में भाग लेते प्रतिभागी
Begusarai News : बरौनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए 'साक्षी पोर्टल' पर प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई. इस डिजिटल प्रणाली से ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा.
Begusarai News : बरौनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में सोमवार को स्वास्थ्य सेवाओं को अत्याधुनिक और राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप बनाने के उद्देश्य से एक दिवसीय गहन प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य 'साक्षी पोर्टल' के माध्यम से स्वास्थ्य केंद्रों को राष्ट्रीय स्वास्थ्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप विकसित करना है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में भी बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें.
साक्षी पोर्टल से होगी स्वास्थ्य सेवाओं की डिजिटल मॉनिटरिंग
कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मनोज कुमार ने कहा कि साक्षी पोर्टल के माध्यम से स्वास्थ्य केंद्रों का वास्तविक समय में स्व-मूल्यांकन किया जा रहा है. इससे स्वास्थ्य कर्मियों की जवाबदेही तय होगी और मरीजों का सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर विश्वास भी मजबूत होगा. स्वास्थ्य प्रबंधक संजय कुमार ने बताया कि इस डिजिटल प्रणाली के जरिए दवाओं की उपलब्धता, स्वास्थ्य कर्मियों की कार्यक्षमता और विभिन्न योजनाओं की बेहतर मॉनिटरिंग संभव होगी, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सकेगा.
पिरामल फाउंडेशन ने दिया तकनीकी प्रशिक्षण
प्रशिक्षण सत्र में पिरामल फाउंडेशन के ज्ञानोदय प्रकाश, दीपक मिश्रा और खुशबू कुमारी ने स्वास्थ्य कर्मियों को साक्षी पोर्टल पर डाटा एंट्री, रिपोर्टिंग और राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुपालन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी. इस दौरान स्वास्थ्य केंद्रों में साफ-सफाई, सुरक्षित प्रसव सेवाएं, टीकाकरण और मरीजों के साथ बेहतर व्यवहार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विशेष जोर दिया गया.
उच्च जोखिम वाली गर्भवतियों के लिए शुरू हुई नई व्यवस्था
कार्यशाला में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष फोकस किया गया. उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं (एचआरपी) को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए नई व्यवस्था शुरू की गई है. इसके तहत ओपीडी और प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत पंजीकृत गर्भवती महिलाओं से नियमित संपर्क किया जाएगा. स्वास्थ्य विभाग ने महिलाओं को समय पर जांच और आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराने के लिए समर्पित एचआरपी हेल्प डेस्क नंबर 08544421211 जारी किया है. इसके माध्यम से महिलाओं को अगली जांच की तिथि और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी फोन पर उपलब्ध कराई जाएगी.
फाइलेरिया और कालाजार से बचाव पर भी हुई चर्चा
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान पिरामल फाउंडेशन के रजनीश कुमार ने फाइलेरिया और कालाजार जैसी बीमारियों से बचाव एवं रोकथाम के उपायों की भी जानकारी दी. बैठक में सोनू कुमार, अमित कुमार सहित सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, जीएनएम और चिकित्सा अधिकारियों ने भाग लिया.
बरौनी को आदर्श स्वास्थ्य प्रखंड बनाने का लिया संकल्प
कार्यशाला के अंत में सभी प्रतिभागियों ने साक्षी पोर्टल का प्रभावी उपयोग करने तथा बरौनी की स्वास्थ्य व्यवस्था को प्रदेश में एक आदर्श मॉडल के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया. स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी.
Also Read : नवादा दहेज हत्या कांड में बड़ी कार्रवाई, फरार ससुर गिरफ्तार, अब पूरा आरोपी परिवार पहुंचा जेल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










