मंसूरचक के कस्तूरबा विद्यालय में 'सखी वार्ता' जागरूकता कार्यक्रम, छात्राओं को महिला सुरक्षा और सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

सखी कार्यक्रम में जानकारी देते पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network
बेगूसराय के दशरथपुर में 'सखी वार्ता' जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें छात्राओं को महिला सुरक्षा, अधिकारों और कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई. विशेषज्ञों ने साइबर अपराध से बचाव और हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग पर भी जोर दिया.
Begusarai News: जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन (डीएचईडब्ल्यू), बेगूसराय के तत्वावधान में बाल विकास परियोजना मंसूरचक द्वारा कस्तूरबा विद्यालय एवं प्लस टू परियोजना बालिका विद्यालय, दशरथपुर में 'सखी वार्ता' जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को महिला सुरक्षा, अधिकारों तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था.
महिला सुरक्षा और सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई. विशेषज्ञों ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, बाल विवाह निषेध, वन स्टॉप सेंटर, साइबर अपराध से बचाव, नशा मुक्ति अभियान तथा महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर छात्राओं को जागरूक किया.
हेल्पलाइन नंबरों की उपयोगिता समझाई
छात्राओं को बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में वे चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 तथा वन स्टॉप सेंटर हेल्पलाइन 181 का उपयोग कर सकती हैं. साथ ही साइबर ठगी, ऑनलाइन धोखाधड़ी और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी गई.
विशेषज्ञों ने दिए सुरक्षा और जागरूकता के टिप्स
कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी मो. मेहताब ग्यास, जिला मिशन समन्वयक (डीएचईडब्ल्यू) राजकुमार सिन्हा, वन स्टॉप सेंटर के केस वर्कर मनीभूषण मिश्रा, वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ संजीत कुमार तथा प्लस टू परियोजना बालिका विद्यालय, दशरथपुर के प्राचार्य अनिल कुमार ने छात्राओं को संबोधित किया. इस दौरान महिला पर्यवेक्षिका सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे.
छात्राओं ने पूछे सवाल, जागरूक रहने की अपील
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और सरकारी योजनाओं से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने सरल एवं व्यवहारिक तरीके से जवाब दिया. अंत में छात्राओं से अपील की गई कि वे महिला सुरक्षा, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता से जुड़े संदेशों को अपने परिवार और समाज तक पहुंचाएं. कार्यक्रम में विद्यालय की बड़ी संख्या में छात्राएं एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By पंकज झा
पंकज झा प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










