बेगूसराय: शिक्षकों को शिक्षा में नाट्यकला का प्रशिक्षण देंगे ऋषिकेश, दरभंगा में राष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित

बतौर प्रशिक्षक ऋषिकेश कुमार शिक्षकों को देंगे प्रशिक्षण | Prabhat Khabar Network
बेगूसराय के युवा रंगकर्मी ऋषिकेश कुमार को दरभंगा में शिक्षा में नाट्यकला पर आयोजित राष्ट्रीय कार्यशाला में प्रशिक्षक के रूप में आमंत्रित किया गया है. वे शिक्षकों को कला के माध्यम से शिक्षण को जीवंत बनाने की विधियां सिखाएंगे.
Begusarai News: बेगूसराय जिले के युवा रंगकर्मी, रंग प्रशिक्षक और नगर परिषद बीहट के उप मुख्य पार्षद ऋषिकेश कुमार को एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय शैक्षणिक कार्यशाला में प्रशिक्षक के रूप में आमंत्रित किया गया है. सांस्कृतिक स्रोत एवं प्रशिक्षण केंद्र (CCRT), नई दिल्ली तथा राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT), बिहार के संयुक्त तत्वावधान में दरभंगा में 27 से 31 जुलाई तक आयोजित “शिक्षा में नाट्यकला” कार्यशाला में वे शिक्षकों को प्रशिक्षण देंगे.
नाटक और रंगमंच से पढ़ाई को रोचक बनाने की मिलेगी सीख
CCRT और SCERT द्वारा आयोजित इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को नाट्यकला के माध्यम से शिक्षा को अधिक रोचक, प्रभावी और सहभागितापूर्ण बनाने के लिए तैयार करना है. कार्यशाला के दौरान ऋषिकेश कुमार शिक्षकों को यह सिखाएंगे कि नाटक, कहानी, अभिनय, संवाद और रचनात्मक गतिविधियों के जरिए कक्षा शिक्षण को कैसे जीवंत बनाया जा सकता है.
दो दशकों का रंगमंच अनुभव और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान
ऋषिकेश कुमार ने मध्य प्रदेश नाट्य विद्यालय (MPD), भोपाल से रंगमंच की विधिवत शिक्षा प्राप्त की है. वे राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (NSD), नई दिल्ली की 'संस्कार रंग टोली' में अभिनेता व प्रशिक्षक के रूप में कार्य कर चुके हैं. पिछले दो दशकों से रंगमंच और बाल रंगमंच प्रशिक्षण से जुड़े ऋषिकेश वर्तमान में 'बाल रंगमंच आर्ट एंड कल्चरल सोसाइटी, बीहट' के निदेशक हैं.
बेगूसराय के सांस्कृतिक जगत में खुशी की लहर
ऋषिकेश कुमार के निर्देशन में कई नाट्य कार्यशालाओं और प्रस्तुतियों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है. उनकी इस राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धि पर जिले के कला, साहित्य और शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे बेगूसराय के लिए एक गौरवपूर्ण क्षण बताया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










