पटना: मसौढ़ी में चार जगह फटी पेयजल पाइपलाइन, तीन वार्डों की जलापूर्ति ठप; 36 घंटे से सड़क पर बह रहा हजारों लीटर पानी

Updated:
विज्ञापन
मसौढ़ी: 36 घंटे से बह रहा पानी, तीन वार्डों में हाहाकार

नगर में मुख्य पेयजल आपूर्ति पाइपलाइन के चार स्थानों पर क्षतिग्रस्त होने से पिछले 36 घंटे से हजारों लीटर पानी सड़क पर बह रहा है. इसके कारण तीन वार्डों में लोगों को भीषण पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है.

विज्ञापन

Patna News: मसौढ़ी के रहमतगंज स्थित सब्जी मंडी के पीछे मुख्य पेयजल आपूर्ति की भूमिगत पाइपलाइन चार स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो जाने से पिछले 36 घंटे से हजारों लीटर पानी लगातार सड़क पर बह रहा है. पानी के तेज रिसाव से पूरी सड़क तालाब में तब्दील हो गई है. वहीं दूसरी ओर नगर परिषद के वार्ड संख्या 21, 22 और 23 की जलापूर्ति पूरी तरह ठप होने से सैकड़ों घरों के लोग पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं.

तीन वार्डों में गहराया पेयजल संकट

जलापूर्ति बाधित होने से सबसे अधिक परेशानी गरीब एवं दैनिक जरूरतों के लिए सार्वजनिक जलापूर्ति पर निर्भर परिवारों को हो रही है. लोगों को पीने और घरेलू उपयोग के लिए पानी की वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ रही है.

पाइलिंग कार्य के दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की आशंका

स्थानीय लोगों के अनुसार जिस स्थान पर पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई है, वहां इन दिनों एक निजी भूखंड की चहारदीवारी निर्माण के लिए पाइलिंग का कार्य कराया जा रहा है. इसी दौरान भूमिगत पाइपलाइन को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है.

लोगों का कहना है कि शुरुआत में एक स्थान पर पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई थी, लेकिन बाद में अलग-अलग चार स्थानों पर पाइप फटने से पानी का रिसाव और बढ़ गया. इसके कारण बड़ी मात्रा में पेयजल बर्बाद हो रहा है और आसपास का इलाका जलमग्न बना हुआ है.

सूचना के बावजूद नहीं शुरू हुई मरम्मत

वार्ड 22 के पार्षद ने बताया कि घटना की सूचना मंगलवार को ही नगर परिषद कार्यालय को दे दी गई थी, लेकिन 36 घंटे बीत जाने के बाद भी पाइपलाइन की मरम्मत शुरू नहीं हो सकी है. इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है.

जांच के बाद होगी कार्रवाई : कार्यपालक पदाधिकारी

नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राजू रंजन ने मामले की जानकारी नहीं होने की बात कहते हुए कहा कि शिकायत की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.


विज्ञापन
Ajay Kumar Masaurhi

लेखक के बारे में

By Ajay Kumar Masaurhi

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन