बेगूसराय में पहली तेज बारिश में बह गई 18 लाख की पीसीसी सड़क, नई दुल्हन को पैदल पहुंचना पड़ा ससुराल

Author Vikash Kumar|Edited by Vikash Jha
Updated:
विज्ञापन
1 बखरी में टूटे पुलिया व सड़क  2 टूटे पुलिया व सड़क  से गुजरते हुए बखरी के स्थानीय लोग   | Prabhat Khabar Network

बखरी में टूटे पुलिया व सड़क से गुजरते हुए बखरी के स्थानीय लोग| Prabhat Khabar Network

बेगूसराय के बखरी में मूसलाधार बारिश ने विकास के दावों की पोल खोल दी. 18 लाख की नई सड़क पहली बारिश में ही बह गई, जिससे दुल्हन को पैदल अपने ससुराल जाना पड़ा. ग्रामीणों में घटिया निर्माण को लेकर भारी आक्रोश है.

विज्ञापन

Begusarai News: बेगूसराय जिले के बखरी प्रखंड क्षेत्र में रविवार आधी रात से सोमवार सुबह तक हुई मूसलाधार बारिश ने विकास के दावों की पोल खोलकर रख दी. बारिश के कारण जहां कई गांवों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया, वहीं चकहमीद पंचायत के मनी नदैल नवटोलिया मुसहरी में एक अनोखी और भावुक करने वाली घटना सामने आई. यहां सड़क ध्वस्त हो जाने के कारण एक नई नवेली दुल्हन को गाड़ी छोड़कर पैदल ही अपने ससुराल पहुंचना पड़ा.

पहली बारिश में ही ताश के पत्तों की तरह ढह गई 18 लाख की सड़क

जानकारी के अनुसार गांव निवासी संतोष सदा के दो बेटों की शादी थी. रविवार की रात जब पहली बारात निकली तब रास्ता ठीक था, लेकिन देर रात हुई मूसलाधार बारिश में गांव के पास नदी किनारे बनी पीसीसी सड़क का एक बड़ा हिस्सा पूरी तरह से बह गया. सोमवार सुबह जब बारात दुल्हन को लेकर लौटी, तो गाड़ियां आगे नहीं जा सकीं. इसके बाद ग्रामीणों ने किसी तरह टूटी सड़क पर पैदल चलने लायक रास्ता बनाया, जिसके सहारे दुल्हन पैदल चलकर अपने नए घर तक पहुंची. वहीं सोमवार रात गई दूसरी बारात को भी पैदल ही मुख्य सड़क तक जाना पड़ा और वापसी में दूसरी दुल्हन को भी इसी टूटी सड़क से होकर गुजरना पड़ा.

घटिया निर्माण और जल निकासी न होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश

ग्रामीणों (दिलीप सदा, ललकू सदा, विनोद सदा, मनटुन महतो, महेश चौधरी आदि) ने आरोप लगाया कि वर्ष 2022-23 में दीपक महतो के घर से नवटोलिया तक लगभग 18 लाख रुपये की लागत से बनी इस पीसीसी सड़क के निर्माण में भारी अनियमितता बरती गई थी. पानी निकासी के लिए बनाया गया भंवरा (ह्यूम पाइप/ड्रेन) सही ढलान पर न होकर काफी ऊंचाई पर बना दिया गया था. इसके कारण बारिश का पानी सड़क के ऊपर से बहने लगा और नीचे की मिट्टी कट जाने से पूरी सड़क नदी में ढह गई.

घटना के 36 घंटे बाद भी नहीं पहुंचे अधिकारी

सड़क ध्वस्त होने के 36 घंटे बीत जाने के बावजूद भी संबंधित विभाग का कोई अधिकारी या कर्मचारी स्थिति का जायजा लेने नहीं पहुंचा है. प्रशासनिक उदासीनता से स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. ग्रामीणों का कहना है कि भ्रष्टाचार और घटिया निर्माण के कारण आज नई दुल्हनों को ऐसी असहज स्थिति का सामना करना पड़ा है, जिसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों व संवेदक पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.

Also Read: बेगूसराय: बछवाड़ा में राजद की बैठक, सुमित कुमार को मिली नई जिम्मेदारी


विज्ञापन
Vikash Kumar

लेखक के बारे में

By Vikash Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन