Begusarai News : पीएम आवास योजना में सर्वे के अनुसार सूची का सत्यापन जल्द पूरा करें पदाधिकारी

Updated:
विज्ञापन
Begusarai News : पीएम आवास योजना में सर्वे के अनुसार सूची का सत्यापन जल्द पूरा करें पदाधिकारी

कारगिल भवन में केंद्रीय मंत्री सह बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गयी.

विज्ञापन

बेगूसराय. कारगिल भवन में केंद्रीय मंत्री सह बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गयी. बैठक के दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गयी. बैठक में ग्रामीण विकास एवं रोजगार सृजन से संबंधित योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गयी. मनरेगा के अंतर्गत जिले में रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में किये गये कार्यों पर चर्चा हुई, जिसमें बेगूसराय प्रखंड द्वारा 151.54 प्रतिशत की उपलब्धि प्राप्त की. इसके अतिरिक्त बछवाड़ा एवं भगवानपुर प्रखंडों में भी लक्ष्य से अधिक उपलब्धि दर्ज की गयी. जिसे सराहनीय बताया गया. महिला सशक्तिकरण एवं आजीविका संवर्धन के क्षेत्र में जीविका परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए बताया गया कि नवंबर 2025 तक बड़ी संख्या में महिलाएं कृषि एवं गैर-कृषि गतिविधियों से जुड़कर आत्मनिर्भर बन रही है. जिले में बैंक सखियों के माध्यम से वित्तीय समावेशन को भी मजबूती मिली है. प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के लिए स्वीकृत आवासों की स्थिति पर चर्चा की गयी. मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना में सर्वे के अनुसार सूची का यथाशीघ्र सत्यापन पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया. ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यों की समीक्षा के क्रम में सड़क मरम्मती के लिए निर्धारित प्रावधान एवं विस्तृत प्रतिवेदन अगले बैठक में प्रस्तुत करने का निदेश कार्यपालक अभियंता को दिया गया. बैठक में गन्ना मंत्री सह बखरी विधायक संजय पासवान, डीएम श्रीकांत शास्त्री, विधान पार्षद उर्मिला ठाकुर, सदर विधायक कुंदन कुमार, मटिहानी विधायक नरेंद्र कुमार सिंह उर्फ बोगो सिंह, चेरियाबरियारपुर विधायक अभिषेक आनंद, जिला परिषद अध्य्क्ष सुरेंद्र पासवान समेत अन्य मौजूद थे.

आयुष्मान भारत योजना में हुई प्रगति

स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के क्रम में राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जिले द्वारा लक्ष्य से अधिक उपलब्धि प्राप्त की, साथ ही आयुष्मान भारत योजना एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं के पंजीकरण में भी उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गयी है. मंत्री ने जिला अंतर्गत सभी एचएससी, पीएचसी को पूर्ण रूप से सुचारू कराने का निर्देश दिया, साथ ही चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति कर उपस्थिति भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. पेयजल एवं स्वच्छता के क्षेत्र में जल जीवन मिशन के तहत जिले के अधिकांश घरों में नल से जलापूर्ति सुनिश्चित किए जाने की जानकारी दी. मंत्री द्वारा जल मिनारों की पानी की जांच कराने तथा साफ-सफाई करने का निर्देश दिया गया. कृषि एवं किसान कल्याण योजनाओं की समीक्षा करते हुए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत जिले में इ-केवाइसी कार्य लगभग पूर्ण होने की बात कही. जिससे किसानों को योजना का लाभ समय पर मिल सके.

योजनाओं का लाभ पारदर्शी ढंग से आमलोगों को देने का निर्देश

बैठक के दौरान मंत्री गिरिराज सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विकास योजनाओं का लाभ पारदर्शी ढंग से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए. उन्होंने विशेष रूप से लंबित कार्यों, ग्रामीण सड़कों एवं आवास निर्माण को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने पर जोर दिया. इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों को बैठक में उठाये गये सभी बिंदुओं पर प्रगति करने का निर्देश दिया. साथ ही सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने विभाग के साथ समीक्षा कर कार्य को प्रगति करने का भी निर्देश दिया गया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Shah Abid Hussain

लेखक के बारे में

By Shah Abid Hussain

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन