कोई पदाधिकारी ईंट निर्माताओं को परेशान करेंगे तो उन्हें हम परेशान कर देंगे- डाॅ प्रमोद चंद्रवंशी

Updated:
विज्ञापन

संबोधित करते मंत्रीसभा में मौजूद ईट निर्माता | Prabhat Khabar Network

बेगूसराय में मंत्री प्रमोद कुमार ने ईंट निर्माताओं को आश्वासन दिया कि किसी भी अधिकारी द्वारा शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. समस्याओं के समाधान का वादा किया.

विज्ञापन

Begusarai News: बेगूसराय. बिहार ईंट निर्माता संघ की ओर से खनन एवं भूतत्व सह युवा एवं कला संस्कृति विभाग मंत्री डॉ प्रमोद कुमार चंद्रवंशी के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम में नगर विधायक कुंदन कुमार भी मौजूद थे. अध्यक्षता एवं संचालन राष्ट्रीय महामंत्री सह बिहार प्रदेश अध्यक्ष मुरारी कुमार मन्नू ने किया. मंत्री के मंच पर पहुंचने पर ईंट निर्माता संघ के पदाधिकारियों ने फूलमाला पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया. समारोह में जिले के सैकड़ों ईंट निर्माता मौजूद रहे.

ईंट उद्योग को बचाने का आश्वासन

मंत्री डॉ प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने कहा कि ईंट निर्माण एक उद्योग है और उद्योगों से मिलने वाले टैक्स से सरकार चलती है. इसलिए बिहार में ईंट उद्योग को चौपट नहीं होने दिया जायेगा. उन्होंने ईंट निर्माताओं की सभी जायज समस्याओं को जल्द दूर करने का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प बिहार में उद्योग-धंधों का जाल बिछाना है और ईंट निर्माता भी उद्योगपति हैं.

परेशान करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई

ईंट भट्ठा मालिकों की ओर से अधिकारियों द्वारा कथित शोषण का मुद्दा उठाये जाने पर मंत्री ने कहा कि एक सप्ताह के अंदर मंत्री का टोल फ्री नंबर जारी किया जायेगा. उन्होंने कहा कि यदि कोई पदाधिकारी ईंट निर्माताओं को परेशान करता है तो उसे बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. मंत्री ने कहा, ‘यदि कोई पदाधिकारी आपको परेशान करता है तो हम उसे परेशान कर देंगे.’ उन्होंने ईंट निर्माताओं से किसी भी परिस्थिति में परेशान नहीं होने की बात कही.

अध्यक्ष ने बतायी ईंट उद्योग की मुश्किलें

कार्यक्रम में संघ के अध्यक्ष मुरारी कुमार मन्नू ने ईंट निर्माताओं की समस्याओं को विस्तार से रखा. उन्होंने कहा कि मौजूदा दौर में ईंट का कारोबार काफी चुनौतीपूर्ण हो गया है. कई बार व्यवहारिक स्तर पर कानून का पालन करना संभव नहीं हो पाने के कारण ईंट निर्माताओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. उन्होंने सरकार से ईंट उद्योग से जुड़ी समस्याओं का व्यावहारिक समाधान निकालने की मांग की.

मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार

मौके पर मौजूद ईंट निर्माण व्यवसायियों ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पहली बार ईंट निर्माताओं की समस्याओं को समझने का प्रयास किया है और उन्हें बुलाकर उनकी बात सुनी है. व्यवसायियों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनकर तत्काल संज्ञान लिया जा रहा है. व्यवसायियों ने गंगा गाद से ईंट निर्माण के लिए भी पहल को अमलीजामा पहनाने की उम्मीद जतायी.

संघ के पदाधिकारियों ने किया स्वागत

समारोह में राष्ट्रीय महामंत्री सह बिहार प्रदेश अध्यक्ष मुरारी कुमार मन्नू, बेगूसराय जिला ईंट निर्माता संघ के सचिव बबलू कुमार, अध्यक्ष अरविंद कुमार, मीडिया प्रभारी ललित कुमार, कोषाध्यक्ष पप्पू प्रसाद, तुना जी समेत चिमनी मालिक राजेश राय, मोहित यादव, जनार्दन महतो, विजय कृष्णा महतो, राज कपूर, साजन कुमार और राजकमल समेत बड़ी संख्या में ईंट निर्माता मौजूद थे.


विज्ञापन
Bipin Kumar Mishra

लेखक के बारे में

By Bipin Kumar Mishra

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन