बेगूसराय: विधि पालक युवक बन बदलेंगे जमाना, छात्रों ने लिया सामूहिक संकल्प

Updated:
विज्ञापन

जागरूकता कार्यक्रम में शामिल कर्मी   | Prabhat Khabar Network

बेगूसराय के आंबेडकर आवासीय विद्यालय में ऑपरेशन विधि पालक युवक अभियान के तहत छात्रों को कानून और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया.

विज्ञापन

Begusarai News: बेगूसराय. बिहार पुलिस मुख्यालय अपराध अनुसंधान विभाग एवं कमजोर वर्ग प्रभाग के महिला कोषांग के निर्देशानुसार पुलिस प्रशासन बेगूसराय की ओर से जिला स्तर पर गठित पुलिस दीदी अभया बिग्रेड टीम एवं जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रेन के सहयोगी संगठन वैशाली समाज कल्याण संस्थान, बाघा, बेगूसराय तथा एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन के संयुक्त तत्वावधान में बेगूसराय प्रखंड के भर्रा स्थित डॉ भीमराव आंबेडकर आवासीय विद्यालय में बच्चों के बीच ऑपरेशन विधि पालक युवक अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजय कुमार सुमन की अध्यक्षता में आगंतुक अतिथियों के स्वागत और विषय प्रवेश के साथ हुई.

कविता से समझाया बाल संरक्षण

विद्यालय में उपस्थित बच्चों के बीच एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन के सीआरए विजय प्रताप ने पुलिस प्रशासन की ओर से चलाये जा रहे ऑपरेशन विधि पालक युवक अभियान के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डाला. उन्होंने कविता के माध्यम से बच्चों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया. इससे बच्चों ने कविता के माध्यम से बाल संरक्षण की संरचना और विधि पालक युवक बनने से जुड़े कानूनी प्रावधानों को बेहतर तरीके से समझा.

महिलाओं के सम्मान पर दिया जोर

मुफस्सिल थाना की पुलिस अवर निरीक्षक सरिता कुमारी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए युवा छात्रों को विधि पालक युवक बनने और सभी महिलाओं एवं बालिकाओं का सम्मान करने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने महिलाओं और बालिकाओं के संरक्षण से जुड़े भारतीय न्याय संहिता के तहत विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी. साथ ही विधि पालक युवक बनकर पुलिस को सहयोग करने के लिए प्रेरित किया, ताकि महिलाओं और बालिकाओं से जुड़ी आपराधिक घटनाओं के दोषियों पर सख्ती से कार्रवाई की जा सके.

बाल अपराध रोकने का दिलाया संकल्प

संस्थान के जिला प्रतिनिधि राजमणि रंजन ने उपस्थित सभी छात्रों को विधि पालक युवक बनने के लिए सामूहिक रूप से संकल्प दिलाया. उन्होंने समाज में बाल विवाह, बाल श्रम, बाल तस्करी और बाल यौन शोषण जैसी गंभीर आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने के लिए कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी. साथ ही ऐसी घटनाओं की गोपनीय सूचना देने के लिए निःशुल्क चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, पुलिस हेल्पलाइन 112 और महिला हेल्पलाइन 181 पर सूचना देने के लिए छात्रों को प्रेरित किया.

शिक्षक और पुलिसकर्मी रहे मौजूद

जनजागरूकता अभियान में मुफस्सिल थाना की महिला कॉन्स्टेबल नीतू कुमारी, संस्थान की सामुदायिक कार्यकर्ता सरिता कुमारी, सिद्धांत, अंशुमान, जीविका समूह से खुशी कुमारी तथा विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद थीं. कार्यक्रम के दौरान बच्चों को विधि पालक युवक अभियान के उद्देश्यों और बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक किया गया.


विज्ञापन
Bipin Kumar Mishra

लेखक के बारे में

By Bipin Kumar Mishra

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन