बेगूसराय: गुप्ता बांध पर अवैध निर्माण रोकने के लिए सीओ ने थानाध्यक्ष को दिया निर्देश
अवैध निर्माण पर सीओ का रोक का निर्देश | Prabhat Khabar Network
बेगूसराय के तेघड़ा अंचल प्रशासन ने गुप्ता बांध पर हो रहे कथित अवैध अतिक्रमण और निर्माण को गंभीरता से लिया है. अंचल अधिकारी ने तेघड़ा थानाध्यक्ष को पत्र भेजकर तत्काल रोक लगाने का अनुरोध किया है, जिससे स्थानीय लोगों की नजरें अब प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं.
Begusarai News: बेगूसराय जिले के तेघड़ा अंचल प्रशासन ने गुप्ता बांध, सार्वजनिक रास्ता एवं निजी जमीन पर कथित अवैध अतिक्रमण और निर्माण को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है. अंचल अधिकारी ने इस मामले में तेघड़ा थानाध्यक्ष को पत्र भेजकर कथित अवैध निर्माण पर तत्काल रोक लगाने तथा आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है.
सार्वजनिक रास्ते पर निर्माण का आरोप
जानकारी के अनुसार, प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष चंदन कुमार ने अंचल कार्यालय में आवेदन देकर आरोप लगाया था कि गुप्ता बांध स्थित सार्वजनिक रास्ता, जिसका खाता संख्या 333 एवं खेसरा संख्या 9417 है, पर मोहम्मद यूनुस, पिता स्वर्गीय मोहम्मद कुर्बान द्वारा अतिक्रमण कर मकान का निर्माण कराया जा रहा है. आवेदन में कहा गया कि उक्त निर्माण से सार्वजनिक मार्ग प्रभावित हो रहा है तथा सरकारी एवं निजी भूमि पर अतिक्रमण की स्थिति उत्पन्न हो गयी है.
थानाध्यक्ष को भेजा गया पत्र
आवेदन प्राप्त होने के बाद अंचल अधिकारी ने मामले का संज्ञान लेते हुए तेघड़ा थानाध्यक्ष को पत्र जारी किया. पत्र में गुप्ता बांध, सार्वजनिक रास्ता एवं निजी जमीन पर हो रहे कथित अवैध निर्माण पर तत्काल रोक लगाने तथा विधि सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है.
जांच के बाद होगी नियमानुसार कार्रवाई
अंचल प्रशासन का कहना है कि सार्वजनिक भूमि एवं रास्तों पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. यदि जांच में शिकायत सही पायी जाती है तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले में कानून के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी.
कार्रवाई पर स्थानीय लोगों की नजर
अंचल कार्यालय की पहल के बाद स्थानीय लोगों की नजर अब प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते अतिक्रमण नहीं रोका गया तो भविष्य में आवागमन और जल निकासी जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










