बेगूसराय में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से युवक की मौत, बलिया बाजार जाने के दौरान हुआ हादसा
बेगूसराय में ठनका गिरने से युवक की मौत
Lightning In Begusarai: बेगूसराय के बलिया थाना क्षेत्र में आंधी-बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से 29 वर्षीय सौरभ कुमार की मौत हो गई. खरीदारी के लिए बाजार जा रहे युवक की मौत के बाद गांव में शोक की लहर है.
बेगूसराय के बलिया से कृष्ण कुमार की रिपोर्ट
Lightning In Begusarai: बेगूसराय जिले के बलिया थाना क्षेत्र के मनसेरपुर-शादीपुर सड़क के दूसरी पुलिया के समीप बहियार में मंगलवार की शाम आई तेज आंधी-तूफान और बारिश के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. इस दर्दनाक घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया. मृतक की पहचान ताजपुर पंचायत के वार्ड 5 गोखलेनगर विष्णुपुर गांव निवासी रामानुज कुमार के 29 वर्षीय पुत्र सौरभ कुमार के रूप में की गयी है. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के सैकड़ों लोग बारिश छूटने के बाद घटनास्थल पर जुट गए और इसकी सूचना परिजनों को दी.
छिपने की जगह न मिलने से गई जान
स्थानीय लोगों के अनुसार मंगलवार दोपहर बाद मौसम अचानक खराब हो गया था और तेज हवा के साथ मूसलाधार बारिश होने लगी थी. बारिश के दौरान आसमान में लगातार बिजली कड़क रही थी. इसी बीच मृतक सौरभ कुमार अपने गांव से बलिया बाजार खरीदारी करने के लिए पैदल ही पगडंडी के रास्ते जा रहा था. अचानक आई तेज बारिश में उसे बहियार (खेतों) में कहीं भी छिपने या ओट लेने की जगह नहीं मिली, जिसके कारण वह लगातार आगे बढ़ता गया. इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली उसके बिल्कुल समीप गिर गयी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
दो भाइयों में बड़ा और मिलनसार था सौरभ
घटना स्थल पर पहुंचे स्थानीय पंचायत के मुखिया शिवनंदन कुमार ने भावुक होते हुए बताया कि मृतक सौरभ कुमार अपने दो भाइयों में सबसे बड़ा था और उसकी अभी तक शादी भी नहीं हुई थी. वह बेहद मिलनसार और शांत स्वभाव का युवक था, जिसके इस तरह असामयिक निधन से गांव का हर एक नागरिक पूरी तरह स्तब्ध और दुखी है. घटना की सूचना मिलते ही बलिया थाना की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी. थानाध्यक्ष रोबिन कुमार दास ने बताया कि पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है.
मुआवजे की मांग, परिजनों को दी सांत्वना
इस हृदयविदारक घटना के बाद ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को आपदा राहत मद से उचित मुआवजा एवं अन्य जरूरी सरकारी सहायता अविलंब उपलब्ध कराने की पुरजोर मांग की है. घटनास्थल पर जिला परिषद प्रतिनिधि के रूप में कन्हैया कुमार, सरपंच मुन्ना कुमार सहित कई वार्ड सदस्य एवं अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि पहुंचे. सभी ने पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस गहरे संकट की घड़ी में हर संभव सहयोग करने का आश्वासन देते हुए अपनी गहरी सांत्वना प्रकट की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Vikash Jha
विकाश झा एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और कंटेंट प्रोफेशनल हैं, जिन्हें मीडिया, डिजिटल कंटेंट और सोशल मीडिया कम्युनिकेशन के क्षेत्र में छह वर्षों से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक और माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है। पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2020 में भोपाल से हुई, जिसके बाद उन्होंने ETV Bharat, Bharat Express और News24 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदार भूमिकाओं का निर्वहन किया। News24 से आगे बढ़ते हुए उन्होंने Adglobal360 India Pvt. Ltd. के माध्यम से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया। स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं। क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव है और वे क्रिकेट को सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपनी लेखनी का महत्वपूर्ण विषय मानते हैं। उन्हें यात्रा करना, नए लोगों और स्थानों को जानना तथा समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है। मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले विकाश डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में तथ्यों पर आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










