बेगूसराय श्रावणी मेले को लेकर बाबा हरिगिरिधाम में तैयारियां तेज, 30 जुलाई से शुरू होगा एक माह का महापर्व

Updated:
विज्ञापन
 बाबा हरिगिरिधाम  | Prabhat Khabar Network

बाबा हरिगिरिधाम  | Prabhat Khabar Network

मिथिलांचल की पावन शिवनगरी बाबा हरिगिरिधाम, गढ़पुरा में एक माह तक चलने वाले श्रावणी मेले की तैयारियां अंतिम चरण में हैं. 30 जुलाई से शुरू होने वाले इस मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं.

विज्ञापन

Begusarai News : मिथिलांचल की पावन शिवनगरी बाबा हरिगिरिधाम, गढ़पुरा में एक माह तक चलने वाले श्रावणी मेले की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. 30 जुलाई से मेले का शुभारंभ होगा. धाम समिति के अध्यक्ष सह एसडीओ सन्नी कुमार सौरभ ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को लेकर व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं. तीसरी और चौथी सोमवारी को सबसे अधिक भीड़ आने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है.

मंदिर परिसर में मजबूत बैरिकेडिंग, सोमवारी को रहेगी नो-एंट्री

एसडीओ ने बताया कि मंदिर परिसर से मुख्य द्वार तक मजबूत बैरिकेडिंग की जा रही है, जिससे भीड़ को नियंत्रित करने में सुविधा होगी. प्रत्येक रविवार रात से सोमवार तक गढ़पुरा बाजार में वाहनों के प्रवेश पर नो-एंट्री लागू रहेगी. इसके लिए विभिन्न स्थानों पर ड्रॉप गेट बनाए जा रहे हैं, जहां दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती रहेगी.

100 से अधिक CCTV कैमरों से होगी निगरानी

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मंदिर परिसर में 31 सीसीटीवी कैमरे पहले से लगाए गए हैं. इसके अलावा संवेदक द्वारा अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे. सभी कैमरों की निगरानी कंट्रोल रूम से की जाएगी. प्रशासन विशेष रूप से चेन स्नैचिंग गिरोह पर नजर रखेगा. एसडीओ ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि सोमवारी के दिन अधिक भीड़ को देखते हुए महंगे जेवर पहनकर मंदिर नहीं आएं.

निर्धारित पार्किंग में ही लगाएं वाहन

धाम समिति के उपाध्यक्ष सह बखरी डीएसपी कुंदन कुमार ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे अपने वाहन केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें और पर्ची अवश्य लें. इससे वाहन चोरी जैसी घटनाओं पर रोक लगाने में मदद मिलेगी.

मंदिर परिसर और मुख्य मार्गों पर होगी आकर्षक लाइटिंग

इस वर्ष जिला प्रशासन की ओर से संवेदक के माध्यम से मंदिर परिसर, भंसी मोड़, गढ़पुरा चौक और स्टेशन रोड सहित प्रमुख मार्गों पर युद्धस्तर पर लाइटिंग और सजावट का कार्य कराया जा रहा है. मंदिर परिसर के सभी मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है.

कांवरिया पथ पर लगेंगे सेवा शिविर

श्रावणी मेले के दौरान कांवरिया पथ पर जगह-जगह सेवा शिविर लगाए जाएंगे. इन शिविरों में श्रद्धालुओं को निशुल्क चाय, पानी, दूध, प्राथमिक उपचार और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. समिति ने शिविर संचालकों को किसी भी समस्या की स्थिति में प्रशासन से संपर्क करने की अपील की है.

पेवर ब्लॉक निर्माण में देरी पर उठे सवाल

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर में सड़क किनारे मिट्टी भराई और पेवर ब्लॉक लगाने का निर्देश दिया गया था. हालांकि बुधवार तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका. मंगलवार को केवल एक ट्रैक्टर मिट्टी गिराई गई, जिसके बाद काम ठप पड़ा हुआ है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते निर्माण पूरा नहीं हुआ तो मेले के दौरान श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.


विज्ञापन
Bipin Kumar Mishra

लेखक के बारे में

By Bipin Kumar Mishra

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन