पूर्व जिला परिषद सदस्य सिकंदर अली को बदमाशों ने मारी दो गोलियां, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी

घटना के बाद जांच करती पुलिस
Begusarai News : बरौनी के फुलबड़िया में पूर्व जिला परिषद सदस्य सिकंदर अली को बदमाशों ने मारी दो गोली. स्थिति गंभीर होने पर पटना रेफर, इलाके में दहशत का माहौल.
Begusarai News : फुलवड़िया थाना क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है. रविवार की देर शाम पूर्व जिला परिषद सदस्य सिकंदर अली पर अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
शादी समारोह से लौटते समय बदमाशों ने किया हमला
जानकारी के अनुसार, रविवार की रात करीब 8:35 बजे फुलवड़िया थाना क्षेत्र के ऊँचा टोला दुर्गा मंदिर के पास मो. फुरकान की पुत्री के शादी समारोह में शामिल होकर पूर्व जिला परिषद सदस्य सिकंदर अली घर लौट रहे थे. इसी दौरान सिंधिया चौक फल मंडी के पास पहले से घात लगाए मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ दो गोलियां चला दीं. गोली लगते ही सिकंदर अली मौके पर ही मूर्छित होकर गिर पड़े. घटना को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने दो हवाई फायरिंग की और मौके से फरार हो गए.
कंधे और कमर में लगी गोली, पटना रेफर
घटना में सिकंदर अली के बाएं कंधे और दाहिनी ओर कमर के पास गोली लगी है. स्थानीय लोगों और फुलवड़िया थाना पुलिस की 112 हेल्प डेस्क टीम की मदद से उन्हें बरौनी स्थित लाइफ लाइन अस्पताल ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेगूसराय रेफर किया गया. वहां एलेक्सिया अस्पताल के चिकित्सक डॉ. धीरज शांडिल्य ने देर रात करीब एक बजे बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना रेफर कर दिया. समाचार लिखे जाने तक उनके शरीर से दोनों गोलियां नहीं निकाली जा सकी थीं.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश सिंधिया चौक होते हुए न्यू अजीत पत्रकार रोड और जियालाल स्कूल के रास्ते फरार हो गए. घटना के बाद फुलवड़िया थानाध्यक्ष विजय सहनी, पुलिस पदाधिकारी कुमार अजीत, गौतम कुमार, उपेंद्र कुमार सिंह, अनंत कुमार एवं शोभा कुमारी अपराधियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं.
डीएसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की सूचना मिलते ही तेघड़ा डीएसपी कृष्ण कुमार देर रात घटनास्थल पहुंचे और मामले की जांच की. उन्होंने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी का निर्देश दिया. थानाध्यक्ष विजय सहनी ने बताया कि घायल के फर्द बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
इलाके में दहशत, लोगों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों ने अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है. डीएसपी कृष्ण कुमार ने कहा कि घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों की पहचान कर ली जा रही है. उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी चल रही है और जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे.
Also Read : झारखंड के दंपती ने औरंगाबाद में बालिका को लिया गोद, डीएम की मौजूदगी में पूरी हुई कानूनी प्रक्रिया
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










