बेगूसराय में नशे के खिलाफ सख्त अभियान, डीएम ने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के दिए निर्देश

Updated:
विज्ञापन
एनसीओआरडी की समीक्षा बैठक में डीएम-एसपी ने की समीक्षा, दिये निर्देश ( पेज चार )

समीक्षा करते डीएम-एसपी

Begusarai News : बेगूसराय में एनसीओआरडी की बैठक में डीएम और एसपी ने नशा तस्करी रोकने और मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

विज्ञापन

Begusarai News : जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में एनसीओआरडी (NCORD) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में पुलिस अधीक्षक मनीष, सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे. बैठक में जिले में मादक पदार्थों की रोकथाम, तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई, नशा मुक्ति अभियान तथा जन-जागरूकता कार्यक्रमों की विस्तार से समीक्षा की गई.

मई में छह मामले दर्ज, आठ आरोपी गिरफ्तार

बैठक के दौरान प्रभारी डीसीबी शाखा ने बताया कि मई 2026 के दौरान जिले के विभिन्न थानों में मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित कुल छह मामले दर्ज किए गए. इस अवधि में 70 ग्राम गांजा, 149.79 ग्राम स्मैक, 239 लीटर प्रतिबंधित कफ सिरप तथा बड़ी मात्रा में नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए. कार्रवाई के दौरान आठ अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया.

लंबित मामलों के शीघ्र अनुसंधान और स्पीडी ट्रायल का निर्देश

जिला पदाधिकारी ने मादक पदार्थों से संबंधित लंबित 93 मामलों के शीघ्र अनुसंधान एवं स्पीडी ट्रायल सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सभी मामलों का समयबद्ध निष्पादन कर दोषियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.

पश्चिम बंगाल से जुड़े नेटवर्क पर रहेगी विशेष नजर

समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि सूखे नशे की आपूर्ति में मालदा एवं पश्चिम बंगाल के अपराधियों की संलिप्तता सामने आई है. इस पर जिला पदाधिकारी ने एनसीबी, पटना को पश्चिम बंगाल की संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर सूचना का आदान-प्रदान करने तथा अंतरराज्यीय नेटवर्क के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

ड्रोन से होगी निगरानी, अवैध खेती पर रखी जाएगी नजर

बैठक में बताया गया कि वर्तमान में जिले में अवैध गांजा अथवा अफीम की खेती की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है. इसके बावजूद उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग को ड्रोन कैमरों के माध्यम से नियमित निगरानी रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.

19 दवा दुकानों की रिपोर्ट प्रतिकूल, आठ के लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई

ड्रग इंस्पेक्टर ने बताया कि मई माह के दौरान 103 औषधि प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया. इनमें 19 प्रतिष्ठानों की रिपोर्ट प्रतिकूल पाई गई. इनमें से आठ औषधि प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई प्रक्रियाधीन है.

रेलवे स्टेशन और सार्वजनिक स्थानों पर चलेगा विशेष अभियान

जिला पदाधिकारी ने रेलवे स्टेशन, गुमटी एवं आसपास के क्षेत्रों में नियमित संयुक्त छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया. साथ ही पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) को मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े अपराधियों का अद्यतन डाटाबेस तैयार कर उसकी प्रविष्टि सीसीटीएनएस में सुनिश्चित करने तथा आवश्यकतानुसार आसूचना ब्यूरो (आईबी) से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए.

सदर अस्पताल में नशा मुक्ति के लिए विशेष वार्ड

सिविल सर्जन ने बैठक में जानकारी दी कि सदर अस्पताल में नशा मुक्ति के मरीजों के लिए चार बेड का विशेष वार्ड आरक्षित किया गया है तथा आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध करा दी गई हैं.

आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने का प्रस्ताव

बैठक में जिले के सभी अनुमंडलों के लिए आधुनिक ड्रग डिटेक्शन उपकरण उपलब्ध कराने हेतु पुलिस मुख्यालय को प्रस्ताव भेजने की भी जानकारी दी गई.

डीएम बोले, अभियान में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं होगी बर्दाश्त

बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान में किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी. उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आगामी समीक्षा बैठक से पूर्व अद्यतन प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराने तथा समन्वित कार्रवाई के माध्यम से जिले को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी प्रयास सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

Also Read : झारखंड के दंपती ने औरंगाबाद में बालिका को लिया गोद, डीएम की मौजूदगी में पूरी हुई कानूनी प्रक्रिया



विज्ञापन
Bipin Kumar Mishra

लेखक के बारे में

By Bipin Kumar Mishra

Loading Review Hub...

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन