बरियारपुर पूर्वी पंचायत में 24.64 लाख की लागत से बनेगा ग्रामीण हाट, 632 मानव दिवस का होगा सृजन

Updated:
विज्ञापन

ग्रामीण हाट निर्माण कार्य का उद्घाटन करते मुखिया व अन्य | Prabhat Khabar Network

Begusarai News : खोदावंदपुर के बरियारपुर पूर्वी पंचायत में 24 लाख की लागत से ग्रामीण हाट का निर्माण शुरू, किसानों और छोटे व्यापारियों को मिलेगा बड़ा लाभ।

विज्ञापन

Begusarai News : खोदावंदपुर विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) के तहत खोदावंदपुर प्रखंड की बरियारपुर पूर्वी पंचायत में प्रस्तावित ग्रामीण हाट के निर्माण कार्य का गुरुवार को शुभारंभ किया गया. पंचायत के मुखिया मो. माजिद हुसैन ने नारियल फोड़कर निर्माण कार्य की शुरुआत की. ग्रामीण हाट के निर्माण पर कुल 24 लाख 64 हजार 747 रुपये की प्राक्कलित राशि खर्च होगी. योजना की आईडी 05170/2002/एवी/20479545 तथा योजना संख्या 08/2026-27 है.

आपके शहर में

विज्ञापन

श्रम मद में 1.89 लाख और सामग्री मद में 22.75 लाख रुपये का प्रावधान

योजना के सूचना पट के अनुसार, निर्माण कार्य में श्रम मद के लिए 1 लाख 89 हजार 715 रुपये तथा सामग्री मद के लिए 22 लाख 75 हजार 32 रुपये का प्रावधान किया गया है. योजना के तहत कुल 632 मानव दिवस का सृजन होगा. इसके लिए दैनिक मजदूरी 300 रुपये निर्धारित की गयी है. कार्य प्रारंभ होने की तिथि 29 अगस्त 2026 अंकित की गयी है. योजना का क्रियान्वयन ग्राम पंचायत राज बरियारपुर पूर्वी द्वारा किया जाएगा.

27 अगस्त को सूचना पट का किया गया था लोकार्पण

ग्रामीण हाट निर्माण से संबंधित सूचना पट का लोकार्पण इससे पहले 27 अगस्त को मुखिया मो. माजिद हुसैन और प्रखंड प्रमुख संजू देवी ने संयुक्त रूप से किया था. इसके बाद गुरुवार को विधिवत निर्माण कार्य की शुरुआत की गयी. निर्माण कार्य शुरू होने से पंचायत क्षेत्र में स्थानीय स्तर पर बाजार की सुविधा विकसित होने की उम्मीद है.

किसानों और छोटे व्यवसायियों को मिलेगा लाभ

ग्रामीण हाट के निर्माण से पंचायत क्षेत्र के किसानों, छोटे व्यवसायियों और स्थानीय लोगों को अपनी उपज एवं अन्य सामान की बिक्री के लिए स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है. इससे किसानों को अपनी कृषि उपज बेचने के लिए दूर के बाजारों पर निर्भरता कम होगी. वहीं छोटे दुकानदारों और व्यवसायियों को भी कारोबार के लिए स्थानीय बाजार उपलब्ध हो सकेगा.

बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद

कार्यक्रम के दौरान सहायक अभियंता विमल कुमार, कनीय अभियंता मो. अजफर इकबाल, पंचायत रोजगार सेवक संजीत कुमार, धर्मेंद्र कुमार मुखिया, समाजसेवी कैलाश यादव, मंजर साह, जलधर पासवान, सद्दाम माजिदी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं अन्य लोग मौजूद रहे.

Also Read : बेगूसराय के जिला परिषद में मनमानी व दोहरी नीति का आरोप, अध्यक्ष सुरेंद्र पासवान का अनिश्चितकालीन धरना जारी


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन