जिले से थैलेसीमिया उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता : गिरिराज

Published by :MANISH KUMAR
Published at :08 May 2026 9:36 PM (IST)
विज्ञापन
जिले से थैलेसीमिया उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता : गिरिराज

विश्व थैलेसीमिया दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग, बेगूसराय द्वारा कंकौल स्थित आर्ट गैलरी प्रेक्षा भवन में एक विशाल जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया.

विज्ञापन

बेगूसराय. विश्व थैलेसीमिया दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग, बेगूसराय द्वारा कंकौल स्थित आर्ट गैलरी प्रेक्षा भवन में एक विशाल जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में लगभग 700 लोगों की सहभागिता रही, जिनमें 50 थैलेसीमिया मरीज, 600 नर्सिंग छात्र-छात्राएं एवं स्वास्थ्यकर्मी शामिल थे. कार्यक्रम का सफलतापूर्वक संचालन स्वास्थ्य विभाग एवं सहयोगी संस्थाओं के संयुक्त प्रयास से किया गया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय वस्त्र मंत्री सह बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह थे. इस अवसर पर विधान पार्षद सर्वेश सिंह, डीएम श्रीकांत शास्त्री, सिविल सर्जन, डीआइओ, सीडीओ, एनसीडीओ, डीपीएम सहित स्वास्थ्य विभाग एवं प्रशासन के कई अधिकारी उपस्थित रहे. कार्यक्रम के दौरान थैलेसीमिया विषय पर तकनीकी सत्र आयोजित किया गया. जिसमें डॉ. प्राची, डॉ. भाव्या, डॉ. निशांत, डॉ. मृत्युंजय, डॉ. ओमप्रकाश, डॉ. प्रभात एवं डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने पावर प्वाइंट के माध्यम से थैलेसीमिया की रोकथाम, पहचान, उपचार एवं जागरूकता पर विस्तृत जानकारी दी. विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बताया कि थैलेसीमिया एक आनुवंशिक रक्त रोग है, जिसमें शरीर में हीमोग्लोबिन पर्याप्त मात्रा में नहीं बन पाता. हीमोग्लोबिन लाल रक्त कोशिकाओं में पाया जाने वाला वह प्रोटीन है, जो शरीर के विभिन्न अंगों तक ऑक्सीजन पहुंचाने का कार्य करता है. इसकी कमी होने पर शरीर में एनीमिया की समस्या उत्पन्न हो जाती है. चिकित्सकों द्वारा बताया गया कि यदि माता व पिता दोनों थैलेसीमिया माइनर हों, तो बच्चे में थैलेसीमिया मेजर होने की संभावना बढ़ जाती है. यह रोग संक्रामक नहीं है तथा छूने, साथ रहने या भोजन साझा करने से नहीं फैलता. कार्यक्रम में थैलेसीमिया के प्रमुख लक्षणों में अत्यधिक कमजोरी, बार-बार संक्रमण, त्वचा का पीला पड़ना, बच्चों में शारीरिक वृद्धि का धीमा होना, सांस फूलना एवं तिल्ली बढ़ने जैसी समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गयी. कार्यक्रम में थैलेसीमिया की रोकथाम संभव है, यदि समय पर जांच और जागरूकता अपनायी जाय व विवाह से पहले थैलेसीमिया जांच कराएं. अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि बेगूसराय से थैलेसीमिया उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता है. उन्होंने आश्वासन दिया कि इस दिशा में जो भी सहयोग आवश्यक होगा, उसके लिए सरकार से हरसंभव मदद दिलाने का प्रयास किया जायेगा. उन्होंने समाज में एचपीवी वैक्सीन को लेकर फैली भ्रांतियों पर भी चर्चा की तथा लोगों से अपने आसपास के परिवारों एवं पड़ोसियों को एचपीवी टीकाकरण के प्रति जागरूक करने की अपील की, ताकि प्रत्येक बच्ची को एचपीवी वैक्सीन का लाभ मिल सके. कार्यक्रम के दौरान थैलेसीमिया एवं एचपीवी टीकाकरण को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान भी चलाया गया. उपस्थित लोगों को बीमारी की रोकथाम, समय पर जांच एवं टीकाकरण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गयी. अंत में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष डॉ. एके राय ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी प्रतिभागियों, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों का आभार व्यक्त किया.

विज्ञापन
MANISH KUMAR

लेखक के बारे में

By MANISH KUMAR

MANISH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन