बेगूसराय में हाईवे पर अवैध पार्किंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई, 62 वाहनों से वसूला गया 4.61 लाख रुपये जुर्माना
Published by : Vivek Pandey Updated At : 05 Jun 2026 11:11 AM
Begusarai News: बेगूसराय में राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर अवैध पार्किंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया. 207 वाहनों की जांच में 62 वाहनों पर कार्रवाई कर 4.61 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया.
Begusarai News: (विकाश मिश्रा) राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर वाहनों के अवैध पड़ाव और पार्किंग पर रोक लगाने के लिए बेगूसराय जिला प्रशासन ने सख्त अभियान शुरू किया है. सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे इस अभियान के तहत 62 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 4.61 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया है.
यह कार्रवाई सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों तथा बिहार सरकार के मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के आदेशों के आलोक में की जा रही है.
डीएम के निर्देश पर चल रहा विशेष अभियान
जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री के निर्देश पर जिले के विभिन्न अनुमंडलों एवं प्रखंडों में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और परिवहन विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा लगातार निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है.
अभियान के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) और राज्य राजमार्ग (एसएच) के किनारे संचालित ढाबों, गैरेजों, ट्रांसपोर्ट प्रतिष्ठानों तथा अन्य व्यावसायिक स्थलों की जांच की गई.
सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटाया गया
निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे अनधिकृत रूप से खड़े किए गए वाहनों को हटाया गया. साथ ही संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों को निर्देश दिया गया कि वे अपने परिसरों के भीतर ही वाहनों की पार्किंग सुनिश्चित करें.
प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में सड़क किनारे अवैध पार्किंग या वाहनों का अनधिकृत पड़ाव पाए जाने पर विधिसम्मत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.
207 वाहनों की जांच, 62 पर जुर्माना
विशेष अभियान के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों और आसपास के क्षेत्रों में कुल 207 वाहनों की जांच की गई. सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के मामलों में 62 वाहनों के विरुद्ध शमन (कंपाउंडिंग) की कार्रवाई की गई तथा उनसे 4.61 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया.
सड़क दुर्घटनाएं रोकना अभियान का मुख्य उद्देश्य
प्रशासन के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य राजमार्गों पर यातायात को सुचारु बनाए रखना, सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम करना तथा अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है.
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा से जुड़ा यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर अवैध पार्किंग, अतिक्रमण तथा वाहनों के अनधिकृत पड़ाव के खिलाफ नियमित कार्रवाई की जाएगी.
प्रशासन ने वाहन चालकों, आम नागरिकों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से यातायात नियमों का पालन करने तथा सुरक्षित एवं बाधारहित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है.
Also Read: दिल्ली अग्निकांड से सबक: औरंगाबाद के भीड़भाड़ वाले इलाकों में अग्नि सुरक्षा की पड़ताल शुरू
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Vivek Pandey
विवेक रंजन पांडेय का जन्म और पालन-पोषण बिहार के गौरवशाली इतिहास और ज्ञान की भूमि नालंदा में हुआ. इसी पावन धरती के संस्कारों ने उन्हें समाज और व्यवस्था को गहराई से देखने का नजरिया दिया. पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून को करियर बदलने के लिए उन्होंने पटना के आर्यभट्ट विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. पिछले 7 वर्षों से टीवी चैनल के जरिए रिपोर्टिंग फील्ड में लगातार सक्रिय हैं. Network 10 National News Channel से करियर की शुरुआत की. उसके बाद कई संस्थानों में काम किया. शिक्षा और राजनीति के साथ कृषि, महिला सुरक्षा से जुड़े मुद्दे पर विशेष रूचि रखते हैं. पत्रकारिता की बारीकियों को सीखा और ग्राउंड जीरो पर रहकर जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया. वर्तमान में Prabhat Khabar के माध्यम से बिहार की खबरों को एक नया आयाम दे रहे हैं. वे बिहार की राजनीति के साथ-साथ देश की सियासी हलचलों पर भी पैनी नजर रखते हैं. अपने शानदार करियर में उन्होंने बिहार के वर्तमान मुख्यमंत्री जब वह उप मुख्यमंत्री थे तब इंटरव्यू किया. इसके साथ कैबिनेट के अधिकांश प्रमुख मंत्रियों का विशेष इंटरव्यू किया है. बिहार के शीर्ष नेताओं और नौकरशाहों को बहुत करीब से देखा, समझा और उनकी नीतियों का निष्पक्ष विश्लेषण किया. जटिल राजनीतिक घटनाक्रमों को बेहद सरल भाषा में जनता के सामने पेश किया है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










