बेगूसराय में कंटेनर की चपेट में आई महिला की इलाज के दौरान मौत, श्राद्ध कर्म में शामिल होने जा रही थी

Begusarai News: बेगूसराय के NH-31 पर हर-हर महादेव चौक के पास कंटेनर की चपेट में आने से घायल महिला सानू कुमारी की पटना में इलाज के दौरान मौत हो गई. हादसे में उसका देवर और बेटा बच गए.
Begusarai News: (विकाश मिश्रा) बेगूसराय में तेज रफ्तार वाहनों का कहर लगातार जारी है. गुरुवार की देर शाम NH-31 फोरलेन पर सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई महिला की इलाज के दौरान पटना में मौत हो गई. घटना नगर थाना क्षेत्र के हर-हर महादेव चौक के समीप की है.
मृतका की पहचान मंझौल थाना क्षेत्र के बढ़कुरवा गांव निवासी राजेश कुमार की 26 वर्षीय पत्नी सानू कुमारी के रूप में हुई है. महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.
श्राद्ध कर्म में शामिल होने जा रही थी महिला
परिजनों के अनुसार सानू कुमारी की ननद का निधन हो गया था और मंगलवार को उसका श्राद्ध कर्म आयोजित था. इसमें शामिल होने के लिए सानू अपने देवर राहुल कुमार और ढाई वर्षीय पुत्र प्रियांशु के साथ बाइक से हरपुर जा रही थी.
इसी दौरान हर-हर महादेव चौक के समीप पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
गंभीर हालत में पटना किया गया था रेफर
स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां देवर राहुल कुमार और मासूम प्रियांशु को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई.
वहीं सानू कुमारी की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें दूसरे अस्पताल रेफर किया गया. बाद में बेहतर इलाज के लिए पटना भेजा गया. परिजन उन्हें लेकर पटना पहुंचे और एक निजी अस्पताल में इलाज शुरू कराया, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं होने पर दूसरे अस्पताल रेफर किया गया. इसी दौरान देर रात उनकी मौत हो गई.
लोगों ने कंटेनर चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने हरियाणा नंबर के कंटेनर और उसके चालक को पकड़ लिया. हालांकि हादसे के बाद खलासी मौके से फरार हो गया. बाद में चालक और कंटेनर को ट्रैफिक पुलिस के हवाले कर दिया गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
Also Read: दिल्ली अग्निकांड से सबक: औरंगाबाद के भीड़भाड़ वाले इलाकों में अग्नि सुरक्षा की पड़ताल शुरू
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By विवेक पाण्डेय
विवेक रंजन पाण्डेय पिछले 8 वर्षों से टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने Aryabhatta Knowledge University, Patna से BJMC की पढ़ाई की है.
उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत Network 10 टीवी चैनल से की. इसके बाद News India, News18 Digital सहित कई राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों में फील्ड रिपोर्टिंग और कंटेंट राइटिंग का अनुभव प्राप्त किया.
वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम में Content Writer के रूप में कार्यरत हैं. यहां बिहार की राजनीति, चुनाव, शिक्षा, कृषि, रोजगार, सरकारी योजनाओं, सामाजिक सरोकारों और विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों पर तथ्यपरक और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










